
x
विवादित पोस्ट का मामला गरमाया
Reva रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में फरार चल रहे यूट्यूबर मनीष पटेल ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उसके खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज था। सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर रिमांड पर भेज दिया है।
यह मामला 29 जनवरी का बताया जा रहा है, जब यूट्यूबर मनीष पटेल ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट साझा की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
FIR दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस की कई कोशिशों के बावजूद वह लगातार गिरफ्त से बचता रहा। इस दौरान उसने निचली अदालत और हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका भी दाखिल की, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, मजबूत सबूतों और सामाजिक विरोध को देखते हुए अदालत ने भी उसकी याचिकाएं खारिज कर दीं। इसके बाद आरोपी ने रीवा कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। मनीष पटेल की सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग है। यूट्यूब पर उसके 2.44 लाख सब्सक्राइबर हैं, फेसबुक पर करीब 3.9 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 8.3 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।
Next Story





