भारत

निवेश के नाम पर युवक से ठगे 23 लाख

Shantanu Roy
22 Oct 2026 5:15 PM IST
निवेश के नाम पर युवक से ठगे 23 लाख
x
धर्मशाला। नॉर्थ जोन साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 23 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। चंबा के एक युवक को सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आई युवती ने अपने जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बनाया। पीडि़त युवक निजी कंपनी में नौकरी करता है। जानकारी के अनुसार युवती ने युवक को ऑनलाइन निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए निवेश की गई रकम दोगुनी करके भी दी गई। इससे युवक को निवेश
योजना
पर भरोसा हो गया और उसने दोबारा अधिक रकम निवेश करनी शुरू कर दी। इस दौरान अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से उससे 23 लाख रुपए से अधिक की राशि ऐंठ ली गई। ठगी का एहसास होने पर युवक ने साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई। उधर, नार्थ जोन साइबर क्राइम थाना धर्मशाला के एएसपी कुलदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।

साथ ही ठगी की राशि को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। गौरलतब है कि धर्मशाला साइबर क्राइम थाना क्षेत्र में लगातार बड़े साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में कांगड़ा जिले के एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी से ऑनलाइन निवेश के नाम पर 1.93 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया था। वहीं, मैक्लोडगंज के एक तिब्बती मठ के पदाधिकारियों को फर्जी दानदाता बनकर ई-मेल भेजने के बाद 6.58 लाख रुपए की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने जीरो प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसके अलावा कांगड़ा जिले के फतेहपुर में एक बुजुर्ग से सर्वोच्च न्यायालय और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी बनकर 23.46 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई। आरोपियों ने जांच और संपत्ति जब्त करने का डर दिखाकर रकम स्थानांतरित करवाई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से स्पष्ट है कि साइबर ठग ऑनलाइन निवेश, फर्जी दान और सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में अनजान लोगों के निवेश संबंधी प्रस्तावों और ई-मेल पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता जांचना जरूरी है।
Next Story