
पहले तो किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब उसे गौर से देखा गया तो मामला थोड़ा अलग लगा. आकार ऐसा था कि लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया- कहीं ये मिसाइल तो नहीं? कोई इसे सेना का बम बता रहा था, तो कोई किसी पुराने युद्ध का गोला. देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई. गांव में वैसे भी कोई असामान्य चीज मिल जाए तो लोग उसे देखने जरूर पहुंचते हैं. यहां भी यही हुआ. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. हर किसी के पास अपनी थ्योरी थी और हर कोई उस रहस्यमयी वस्तु को करीब से देखना चाहता था. लेकिन इसी बीच एक ऐसी घटना हुई, जिसने पुलिस वालों की धड़कनें बढ़ा दीं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक स्थानीय युवक ने उस वस्तु को खिलौना या कबाड़ का सामान समझ लिया. वह उसे उठाकर वहां से चल पड़ा. कुछ लोगों का कहना है कि वह उसे लेकर दौड़ने भी लगा. अब सोचिए, अगर वह चीज सचमुच विस्फोटक निकली होती तो क्या हो सकता था. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को रोका. उसे समझाया गया कि जिसके साथ वह खेल रहा है, वह कोई खिलौना नहीं, बल्कि संभावित रूप से बेहद खतरनाक चीज हो सकती है. इसके बाद पुलिस ने सावधानी के साथ उस चीज को अपने कब्जे में ले लिया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई. नदी किनारे का इलाका घेर लिया गया. लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. मामला सामान्य नहीं था, इसलिए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.





