भारत

नाइट क्लब में मामूली विवाद पर युवक की हत्या, महिला सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
13 Oct 2026 4:00 PM IST
नाइट क्लब में मामूली विवाद पर युवक की हत्या, महिला सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
x
मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नाइट क्लब में एक महिला पर बीयर गिरने के बाद शुरू हुई कहासुनी में 29 वर्षीय युवक दलजीत की कथित तौर पर बाउंसरों और क्लब के कर्मचारियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बाकी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मामला दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइट क्लब का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब में पार्टी करने पहुंचा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त से बीयर एक महिला पर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दोस्तों की ओर से माफी मांगने के बावजूद मारपीट नहीं रुकी। आरोप है कि क्लब के वेटर भी इस मारपीट में शामिल हो गए और लाठी-डंडों तथा कांच की बोतलों से हमला किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, जब दलजीत और उसके दोस्तों ने वहां से निकलने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें दोबारा पकड़कर पीटा। इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसके दोस्त उसे रघुबीर नगर स्थित घर ले गए, जहां वह घर के प्रवेश द्वार के पास गिर पड़ा।
दलजीत को आनन-फानन में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दलजीत की उम्र महज 29 वर्ष थी। वह अपने पीछे पत्नी, आठ वर्ष के बेटे और पिता को छोड़ गया है।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नाइट क्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी कब्जे में लिया है, जिसकी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जांच के जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि विवाद के दौरान क्या हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।
इस घटना के बारे में डीसीपी (नॉर्थ) निहारिका भट्ट ने बताया कि दलजीत नाम के 29 वर्षीय व्यक्ति, जो पेशे से ड्राइवर था, के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि दलजीत अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने क्लब में गया था, जहां क्लब का मैनेजर अपनी पत्नी का जन्मदिन अपने दोस्तों के साथ मिलकर मना रहा था।
यह विवाद एक महिला के ऊपर पेय पदार्थ गिरने से शुरू हुआ, जिसमें मैनेजर और बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। झगड़े के बाद पीड़ित अपने-अपने घर चले गए थे। दलजीत भी अपने घर गया था। हालांकि, वहां जाकर उसकी तबीयत थोड़ी खराब हुई थी, लेकिन वह सो गया और जब अगले दिन दोपहर तक वह नहीं उठा तो उसकी पत्नी उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने बताया कि मंगलवार को इस पूरे प्रकरण में टीम ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 4 पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story