भड़काऊ बयानबाजी मामले में युवा नेताओं की हुई गिरफ्तारी, प्रदेश अध्यक्ष फरार

मेरठ। भड़काऊ बयानबाजी करने के आरोप में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के खिलाफ पुलिस का बड़ा हंटर चला है। हापुड़ रोड पर आयोजित एक कार्यक्रम में 'एनकाउंटर' को लेकर प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली के दिए गए विवादित बयान के बाद पुलिस ने पार्टी के तीन दिग्गज नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। शौकत अली की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बीती 23 मार्च को लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में 'ईद मिलन समारोह' का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "आपने जिन्हें 111 सीटें दीं, वे खामोश हैं। मुझे सिर्फ 11 विधायक दे दो, मैं वादा करता हूँ कि अगर यूपी में किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा, तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा।"
हाजी शौकत अली यहीं नहीं रुके, उन्होंने मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के उस बयान पर भी तंज कसा जिसमें सड़क पर नमाज पढ़ने पर पासपोर्ट जब्त करने और लाइसेंस निरस्त करने की बात कही गई थी। शौकत अली ने कहा कि पुलिस को रामनवमी के जुलूस के दौरान मस्जिदों के सामने 'नागिन डांस' करने वालों के पैरों में भी गोली मारने की बात कहनी चाहिए। उन्होंने समर्थकों से "एक डंडा, एक झंडा और एक नेता" के सिद्धांत पर संगठित होने की अपील की।
जैसे ही इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो की जांच कराई और इसे भड़काऊ पाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोहिया नगर थाने में हाजी शौकत अली और आयोजकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।





