
x
Bihar बिहार। बिहार के सुपौल जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण की घटना सामने आई है। भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के पास स्टेट हाईवे-91 (SH-91) पर कार सवार बदमाशों ने बाइक सवार युवक को कथित तौर पर अगवा कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी मो. जीशान खान बाइक से SH-91 से गुजर रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जीशान सड़क पर गिर गया।
आरोप है कि कार में मौजूद बदमाशों ने मौके पर रुककर युवक को जबरन उठाया और अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से फरार हो गए। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना का विरोध किया और युवक को बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध करने पर बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई। स्थानीय लोगों ने कई राउंड गोली चलने की बात कही है। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग डर के कारण पीछे हट गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। हालांकि, फायरिंग और अपहरण से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मौके पर लोगों की भीड़ और अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों की तलाश व जांच को लेकर जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक के अपहरण के पीछे कारणों का पता लगाने के लिए संदिग्धों की पहचान और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Next Story





