भारत

टोल टैक्स बचाने के लिए सेना की वर्दी में घूमता रहा बैजनाथ का युवक

Shantanu Roy
26 Oct 2026 4:23 PM IST
टोल टैक्स बचाने के लिए सेना की वर्दी में घूमता रहा बैजनाथ का युवक
x
सोलन। सोलन में टोल फीस बचाने के लिए बैजनाथ का एक युवक फर्जी कर्नल बन बैठा। इसका खुलासा पुलिस चौकी गढखल को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में हुआ है। सोलन पुलिस ने सेना के इस फर्जी कर्नल को किराए के कमरे से दबोच लिया है। पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में यही पता चल पाया है कि पकड़ा गया युवक टोल फीस बचाने के लिए ही भारतीय सेना का फर्जी कर्नल बना था। सोलन पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इस युवक से सेना के कर्नल की वर्दी और पहचान पत्र भी बरामद किया है। सोलन पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया की बैजनाथ से सबंध रखने वाले युवक को सेना का फर्जी अधिकारी बनने की सूचना मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मामले से
जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों
की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस चौकी गढख़ल को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि गांव कोट एवं आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी धारण कर तथा सैन्य पदचिन्ह लगाकर स्वयं को सेना का अधिकारी बताता है। सूचना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस चौकी गढख़ल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव सुनारडी में दबिश दी तथा एक किराए के कमरे से आरोपी को काबू किया। युवक की पहचान अर्पण कटोच पुत्र श्री जगदीश चंद, निवासी गांव टिकरी, डाकखाना डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक कार्ड बरामद हुआ। इस कार्ड पर उसकी सैन्य वर्दी में तस्वीर लगी हुई है। सोलन पुलिस के अनुसार आरोपी सोलन क्षेत्र के शामती के समीप स्थित एक निजी होटल में कार्य करता है तथा गांव सुनारडी में किराए के कमरे में रहता है। इसी कमरे से पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।
Next Story