भारत

नदी में बहे युवक, परिजनों ने मार्ग किया जाम

jantaserishta.com
6 Nov 2025 4:08 PM IST
नदी में बहे युवक, परिजनों ने मार्ग किया जाम
x
चार के शव गुरुवार दोपहर बरामद कर लिए गए, जबकि दो की तलाश अब भी जारी है.
धनबाद: धनबाद-बोकारो फोरलेन स्थित तेलमोच्चो पुल के नीचे दामोदर नदी में बुधवार को स्नान के दौरान बह गए छह युवकों में से चार के शव गुरुवार दोपहर बरामद कर लिए गए, जबकि दो की तलाश अब भी जारी है। जिन युवकों के शव निकाले गए हैं, उनमें एक की पहचान धनबाद के भूली ए ब्लॉक निवासी विजय यादव के रूप में हुई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दो अलग-अलग टोली में कुल 10 युवक दामोदर नदी में पुण्य स्नान के लिए तेलमोच्चो पहुंचे थे। पहली टोली जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के भीमकनाली आई थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे पांच युवक नदी में उतरे तो अचानक तेज धारा में बहने लगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक सुमित राय (17) और सनी चौहान (21) तेज बहाव में लापता हो गए।
दूसरी टोली भूली ए ब्लॉक से आई थी। इस समूह के पांच युवक विजय यादव, रोहित उर्फ छोटू, रोहन उर्फ गोलू, प्रियांशु और अनीश स्नान करने नदी किनारे पहुंचे थे। इनमें प्रियांशु ने स्नान नहीं किया और किनारे पर ही रहा, जबकि बाकी चार युवक नदी में उतर गए। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो प्रियांशु ने खोजबीन शुरू की और बाद में अपने परिजनों को सूचना दी।
गुरुवार सुबह तक लापता युवकों के शव नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दामोदर नदी में अवैध बालू खनन के कारण नदी की गहराई और धारा का स्वरूप बदल गया है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। बाघमारा के अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कू ने बताया कि भीमकनाली और भूली के कुल छह युवक नदी की तेज धारा में डूब गए थे, जिनमें से चार के शव बरामद हो चुके हैं, बाकी दो युवकों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम अभी मौके पर नहीं पहुंची है। टीम के पहुंचते ही तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story