भारत

पुलिस हिरासत में युवक की मौत परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप

Subhi
29 Aug 2026 7:02 AM IST
पुलिस हिरासत में युवक की मौत परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप
x
युवक की मौत

बदायूं जिले के गांव अटसेना में धर्मस्थल पर आयोजित भंडारे में डीजे पर फिल्मी गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मामले में हिरासत में लिए गए 28 वर्षीय राजेश पुत्र शहजादे की दातागंज थाने की हवालात में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। राजेश का उसके ममेरे भाई से भी झगड़ा हुआ था। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर थाने में डंडों से पीटने का आरोप लगाया है।

युवक की पुलिस हिरासत में मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दातागंज थाने में अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। दातागंज थाना क्षेत्र के गांव अटसेना में सावन की पूर्णिमा पर बृहस्पतिवार शाम धर्मस्थल पर भंडारे का आयोजन हुआ था। गांव निवासी राजेश के भाई हृदेश ने बताया कि डीजे पर फिल्मी गाना बजाने को लेकर गांव के अजीत से झगड़ा शुरू हो गया। अजीत से झगड़े के दौरान गांव निवासी उनके ममेरे भाई रघुवीर भी शराब के नशे में झगड़ा करने लगे।

इसके बाद उनका भाई राजेश भी वहां आ गया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सूचना पर दातागंज थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश व धर्मवीर को हिरासत में लेकर थाने आ गई। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर पुलिस ने धर्मवीर को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया, लेकिन राजेश को नहीं छोड़ा। परिजनों का आरोप है कि राजेश की हवालात में पिटाई की गई।

Next Story