भारत

छत से गिरकर युवक की मौत, हादसा या धक्का? इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं

jantaserishta.com
13 Sept 2026 11:03 AM IST
छत से गिरकर युवक की मौत, हादसा या धक्का? इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं
x
जांच में जुटी पुलिस.
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शाहदरा जिले के गांधीनगर इलाके में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना नामदेव गली की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस को रविवार सुबह 5:20 बजे सूचना मिली कि एक युवक सड़क पर नग्न अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर पड़े युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस के अलावा क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत छत से दुर्घटनावश गिरने के कारण हुई या उसे किसी ने धक्का देकर नीचे गिराया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से किशनगंज, बिहार का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक दीपक पिछले करीब दो वर्षों से गांधीनगर इलाके में स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह शादीशुदा था।
परिजनों को घटना की जानकारी उस समय मिली, जब पुलिस ने सुबह फैक्ट्री खुलवाई। मृतक के जीजा के भाई निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस की ओर से फैक्ट्री खुलवाए जाने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि दीपक छत से गिर गया है और उसकी मौत हो गई है।
घटना के बाद इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर आई चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story