
x
तिरुवनंतपुरम। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद जमकर पत्थरबाजी हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
जानकारी के मुताबिक यूथ कांग्रेस और केएसयू के कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन मार्च निकाल रहे थे। इसी दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं के साथ उनका आमना-सामना हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
झड़प के दौरान पत्थर और बोतलें फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं। कुछ रिपोर्टों में जलती मशालें भी फेंके जाने की बात कही गई है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगाया है। यूथ कांग्रेस और SFI की ओर से इस टकराव को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है, जबकि चुनाव आयोग अपने फैसलों और प्रक्रिया को कानून के अनुरूप बता चुका है।
Next Story





