भारत
कालिंद्री एक्सप्रेस में बम की अफवाह फैलाने वाला युवक हिरासत में
Shantanu Roy
18 Jan 2026 3:57 PM IST

x
बड़ी खबर
Farrukhabad. फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे के फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कालिंद्री एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की अफवाह की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद बम जैसी किसी भी वस्तु के न मिलने की पुष्टि हुई, जबकि अफवाह फैलाने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल, संजीव शर्मा ने बताया कि भिवानी-दिल्ली होकर फर्रुखाबाद के रास्ते कानपुर और प्रयागराज जाने वाली गाड़ी संख्या 14118 कालिंद्री एक्सप्रेस घने कोहरे के कारण सुबह करीब 10:30 बजे फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन पर पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने स्टेशन कक्ष में आकर ट्रेन में बम होने की आशंका की सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. मीणा, जीआरपी पुलिस, जनपदीय अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, सीओ सिटी एश्वर्या राय तथा बम निरोधक दस्ते के साथ पर्याप्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद कालिंद्री एक्सप्रेस के सभी डिब्बों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। ट्रेन के हर कोच, शौचालय, लगेज एरिया और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई ताकि किसी तरह का जोखिम न रहे।
लगभग ढाई घंटे तक चले इस तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। तलाशी के दौरान यात्रियों को ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए असुविधा भी हुई। बम की सूचना के कारण यात्रियों में घबराहट देखी गई, हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए किसी भी तरह की भगदड़ नहीं होने दी।
तलाशी अभियान दोपहर करीब 12:50 बजे समाप्त हुआ, जिसके बाद कालिंद्री एक्सप्रेस को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, बम की अफवाह की सूचना देने वाला युवक नवाबगंज क्षेत्र के सिकंदरपुर नगला विनायक का रहने वाला सिमौद कुमार उर्फ श्यामू (25) है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दी गई सूचना पूरी तरह से गलत और निराधार थी।
फर्रुखाबाद जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अफवाह फैलाने के पीछे युवक की मंशा क्या थी और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अफवाहें न केवल यात्रियों में डर पैदा करती हैं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और रेल परिचालन को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





