भारत

भारत-नेपाल बॉर्डर पर युवक पकड़ा गया, बैग से मिला कारतूस

SHIDDHANT
15 Oct 2026 9:48 PM IST
भारत-नेपाल बॉर्डर पर युवक पकड़ा गया, बैग से मिला कारतूस
x
पिता के इलाज के लिए जा रहा था नेपाल, तलाशी में निकली गोली
कोलकाता। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक युवक को पकड़ा है, जिसके बैग से 9 एमएम का कारतूस बरामद हुआ है। युवक की पहचान मणिपुर के तेंगनौपाल जिले के मोरेह निवासी 20 वर्षीय पाओगौलुन हाओकिप के रूप में हुई है। एसएसबी ने कारतूस जब्त कर युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके पिछले रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए मणिपुर के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
एम्बुलेंस की तलाशी में मिला कारतूस
जानकारी के मुताबिक, एसएसबी की बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम पश्चिम बंगाल के पानीटंकी और नेपाल के काकरभिट्टा को जोड़ने वाले न्यू ब्रिज पर नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल जा रही एक एम्बुलेंस को सीमा से करीब 350 मीटर पहले रोका गया। तलाशी के दौरान युवक के बैग से 9 एमएम का कारतूस बरामद हुआ। कारतूस पर '9MM 2Z KF 20' अंकित था, जो किरकी स्थित गोला-बारूद फैक्ट्री से जुड़ा बताया गया है।
पिता के इलाज के लिए जा रहा था नेपाल
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पिता का इलाज कराने नेपाल के मेची आई हॉस्पिटल जा रहा था। कारतूस मिलने पर उसने दावा किया कि करीब तीन महीने पहले उसे यह गोली घर के पास जमीन पर पड़ी मिली थी। उसने इसे अपने पास रख लिया था और बैग में कारतूस होने की जानकारी नहीं थी।
मणिपुर पुलिस से मांगी जानकारी
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, युवक के दावों की जांच की जा रही है। उसकी पृष्ठभूमि का पता लगाने के लिए मणिपुर के संबंधित अधिकारियों को जानकारी भेजी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के कारतूस रखना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। लोगों को कहीं भी हथियार या कारतूस मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए।
Next Story