भारत

महिलाओं के विवाद के बाद युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 May 2026 6:03 PM IST
महिलाओं के विवाद के बाद युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
x
Balrampur. बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के थाना सादुल्लानगर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब महिलाओं के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस घटना में बीच-बचाव करने आए एक युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 14 मई की रात गोल्हीपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास हुई, जहां जयकरन कश्यप के बेटे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जानकारी के अनुसार, मउर सेरवाने की रस्म के दौरान महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। इसी दौरान परशुरामपुर निवासी तेज बहादुर यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन स्थिति शांत होने के बजाय और बिगड़ गई।
आरोप है कि इसी दौरान रामदास कश्यप, रिंकू, जयकरन कश्यप और हजारी ने मिलकर तेज बहादुर यादव पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई जारी रखी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। परिजनों ने घायल तेज बहादुर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गोंडा रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने सादुल्लानगर थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर मथुरा-मनकापुर रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी रिंकू ने स्वीकार किया कि उसी ने लोहे की चेन स्पॉकेट लगी रॉड से तेज बहादुर के सिर पर वार किया था, जबकि अन्य आरोपियों ने डंडों से हमला किया।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार होने की योजना बना रहे थे और लखनऊ भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर गोल्हीपुर गांव के बगीचे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से ही मारपीट और धमकी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Next Story