
कानपुर: बिठूर के रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरने से शनिवार दोपहर मशहूर कागज कारोबारी के इकलौते बेटे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी फ्रेंड से मिलने पहुंचा था। आनन-फानन में लोग उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुछ देर में मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। साक्ष्य संकलन के बाद शव को मोर्चरी भिजवाया गया। परिजन ने अपार्टमेंट से धक्का देने का आरोप लगाया है।
कौशलपुरी के आरके नगर निवासी विशाल खंडेलवाल का गुरू पेपर हाउस के नाम से कागज का बड़ा कारोबार है। परिवार में पत्नी प्रीती और इकलौता बेटा संभव खंडेलवाल (22) है। बेटी काव्या का विवाह हो चुका है। संभव व्यापार में सहयोग करता था। परिजन के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे संभव कार लेकर एक दोस्त से मिलने जाने की बात कह कर घर से निकला था। दोपहर तीन बजे संभव के मोबाइल से किसी ने फोन कर सूचना दी कि वह अपार्टमेंट की बालकनी से गिर गया है। पारस अस्पताल में भर्ती है। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तब तक संभव की मृत्यु हो चुकी थी।
रुद्राग्रीन्स अपार्टमेंट निवासी मेटल कारोबारी टॉवर टू की छठी मंजिल के फ्लैट में रहते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटा है, जबकि उनकी विवाहित बेटी भी मायके में रहती है। जिसके दो बच्चे हैं। 18 वर्षीय बेटी मुंबई से बीसीए कर रही है। एक छोटा बेटा भी है। लड़की के मामा के मुताबिक, संभव की उसकी भांजी से मित्रता थी। कई बार वह मिलने के लिए अपार्टमेंट आता था। दिवाली पर भांजी मुंबई से घर आई थी। जिसके चलते संभव भी अक्सर फ्लैट में आ रहा था। शनिवार दोपहर घर पर मामा-भांजी और भांजा थे। जबकि अन्य लोग काम के सिलसिले में बाहर गए थे। सभी लोग कॉफी पीने जाने का प्लान कर रहे थे। इसी दौरान संभव और छोटा भांजा दोनों फ्लैट में बॉलीवॉल खेलने लगे।





