
बिहार। राजधानी पटना में मंगलवार देर शाम अपराधियों ने आरजेडी नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक, राजकुमार राय अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने के बाद राजकुमार राय जान बचाने के लिए पास के एक होटल में घुस गए, लेकिन अपराधी उनका पीछा करते हुए अंदर तक पहुंचे और होटल में कई राउंड फायरिंग की. एक गोली होटल के फ्रिज में भी लगी जिससे उसका शीशा चकनाचूर हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजकुमार राय को तत्काल पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस को घटनास्थल से 6 खोखे बरामद हुए हैं. मौके पर पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने भी पहुंचकर छानबीन की. उन्होंने बताया कि मृतक राजकुमार राय राजनीतिक पार्टी से जुड़े थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे.
परिजनों ने आरोप लगाया कि अपराधियों ने 8 से 10 गोलियां चलाईं. मृतक की बहन शिला देवी ने कहा कि उनका भाई इस बार राघोपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वो लोग शव को सड़क पर रखकर विरोध करेंगे. हालांकि उन्होंने अभी आरोपी का नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया.





