भारत

BMW स्पोर्ट्स बाइक चला रही इंजीनियर युवती की मौत, बाइक राइडिंग ग्रुप की सक्रिय सदस्य थी

jantaserishta.com
8 April 2025 1:04 PM IST
BMW स्पोर्ट्स बाइक चला रही इंजीनियर युवती की मौत, बाइक राइडिंग ग्रुप की सक्रिय सदस्य थी
x
परिजन सदमे में.
गुरुग्राम: लखनऊ की 28 साल की सोमिता सिंह पेशे से नोएडा की एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर थीं. लेकिन उनका असली जुनून बाइकिंग था, और यही दीवानगी ही उनका आखिरी सफर बन गया. गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र में बीएमडब्ल्यू बाइक चला रही सोमिता की एक कार से टक्कर हुई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई साथी राइडर्स ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक, कुछ ही हफ्ते पहले सोमिता ने एक महिला बाइकिंग ग्रुप जॉइन किया था. वह स्पोर्ट्स बाइकिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी ले रही थीं. बीएमडब्ल्यू जैसी हेवी बाइक को किराए पर लेकर उन्होंने ग्रुप के साथ गुरुग्राम की ‘लेपर्ड ट्रेल’ राइड प्लान की थी. सभी राइडर्स नोएडा सेक्टर 135 से निकले थे और दोपहर में वापसी के दौरान हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह असंतुलित होकर दूर जा गिरीं.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सोमिता ने इस राइडिंग ट्रिप की जानकारी अपने परिवार से साझा नहीं की थी. उनके माता-पिता को न तो बाइकिंग ग्रुप के बारे में जानकारी थी और न ही इस बीएमडब्ल्यू राइड की खबर.
उनके पिता ने हादसे के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी होगी.
गुरुग्राम पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क की दूसरी ओर से आ रही एक हुंडई वरना कार से सोमिता की बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट और सेफ्टी गियर पहनने के बावजूद उन्हें कई गंभीर चोटें आईं. वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरीं. साथ की महिला राइडर्स ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक का बैलेंस बिगड़ा और यही हादसे की वजह बनी. हमने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने न सिर्फ अज्ञात कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज की है, बल्कि एक और बड़ा कदम उठाते हुए बाइक राइडिंग ग्रुप के आयोजक के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है.
सोमिता के करीबी दोस्तों के मुताबिक, वह पढ़ाई में हमेशा अव्वल रही हैं और अपने दम पर नोएडा में नौकरी कर रही थीं. लेकिन उनका दिल बाइकिंग की तरफ ज्यादा खिंचता था. वह महिलाओं के लिए मोटरस्पोर्ट्स में कुछ अलग करना चाहती थीं.
Let's Ryde Motorcycle Training Academy के संचालक और को-फाउंडर कुलदीप ने इस मामले में बादशाहपुर इलाके के दो निजी अस्पतालों पर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि हम राइड के समय एक गाड़ी भी साथ रखते हैं. नौ बजे हादसा हुआ और हम उसी गाड़ी में सोमिता को सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर बादशाहपुर के एक अस्पताल लेकर पहुंच गए थे. वहां न तो सोमिता को एडमिट किया और न ही फस्टऐड दिया. जिसके बाद हम उसी अस्पताल की एंबुलेस से दूसरे अस्पताल पहुंचे. वहां भी सोमिता को एडमिट करने से मना कर दिया. जिसके बाद हम गंभीर रूप से घायल सोमिता को गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल लेकर गए. जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story