भारत

'आप आराम करें, देश हम संभाल लेंगे', शरद पवार को PM मोदी का फोन

SHIDDHANT
4 Nov 2026 9:54 PM IST
आप आराम करें, देश हम संभाल लेंगे, शरद पवार को PM मोदी का फोन
x
सेहत का जाना हाल
पुणे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने पवार को पर्याप्त आराम करने और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के अनुसार, शरद पवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। करीब दो दिनों तक चिकित्सकीय देखरेख में रहने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शरद पवार के करीबी सहयोगी विट्ठल मणियार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर उनका हालचाल पूछा और आराम करने की सलाह दी।
मणियार के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने पवार से कहा कि वे अपनी सेहत को प्राथमिकता दें। देश की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए वे और सुप्रिया सुले मौजूद हैं। प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ नेता से मार्गदर्शन देते रहने का भी अनुरोध किया।
प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं। इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत सम्मान और संवाद के उदाहरण पहले भी सामने आते रहे हैं। गौरतलब है कि शरद पवार लंबे समय से भारतीय राजनीति में सक्रिय हैं। महाराष्ट्र की राजनीति के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रधानमंत्री की ओर से फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने को राजनीतिक मतभेदों से परे व्यक्तिगत सद्भाव के रूप में देखा जा रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फिलहाल शरद पवार को आराम करने की सलाह दी गई है। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों को राहत मिली है।
Next Story