
x
Noida नोएडा। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों की पारंपरिक पाक विरासत और स्थानीय व्यंजनों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ (ODOC) का आधिकारिक डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है। इसके माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों की विशिष्ट पाक परंपराओं, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को एक साझा डिजिटल मंच उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य स्थानीय खान-पान को केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित न रखकर उसे पर्यटन, उद्यमिता, रोजगार, खाद्य प्रसंस्करण और बाजार विस्तार से जोड़ना है। इससे स्थानीय खाद्य उद्यमियों, फूड वेंडर्स, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और अन्य हितधारकों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार इससे पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के जरिए जिलों के विशिष्ट उत्पादों को बढ़ावा देती रही है। अब इसी तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक पाक विरासत को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, रुहेलखंड और पश्चिमी क्षेत्रों की अपनी अलग-अलग खान-पान परंपराएं हैं। नए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिलों के विशिष्ट व्यंजनों और खाद्य परंपराओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रदेश के नागरिकों के साथ देश-विदेश के पर्यटक और खाद्य प्रेमी भी स्थानीय स्वादों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
पोर्टल में डिस्ट्रिक्ट कुज़ीन, स्टेकहोल्डर डायरेक्टरी, योजनाएं एवं नीतियां, कार्यक्रम, गैलरी, वीडियो, सक्सेस स्टोरीज और उत्पादों से संबंधित अलग-अलग सेक्शन शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य पाक विरासत से जुड़े उद्यमियों और अन्य हितधारकों को एकीकृत मंच देना है।
सरकार की योजना पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता और मूल्यवर्धन पर भी ध्यान देने की है। स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक बाजार से जोड़ने से छोटे उद्यमियों और कारोबारियों के लिए नए अवसर तैयार हो सकते हैं। इसके साथ ही स्थानीय व्यंजनों को पर्यटन अनुभव का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार का मानना है कि प्रदेश की पाक विरासत को डिजिटल पहचान मिलने से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ रोजगार और पर्यटन के अवसरों का विस्तार किया जा सकता है।
Next Story





