भारत

योग का नया जॉब मार्केट हो रहा तैयार

Shantanu Roy
3 Oct 2023 11:16 AM GMT
योग का नया जॉब मार्केट हो रहा तैयार
x
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार ने योग को नागरिकों की दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प किया है। इसीलिए प्रदेशभर में योगशालाएं स्थापित करने और 1000 आयुष सहायकों की नियुक्ति करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 882 आयुष योग सहायकों ने विभिन्न योगशालाओं में कार्यभार ग्रहण कर लिया है व शेष आयुष योग सहायकों की भर्ती का कार्य हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से प्रगति पर है। इसके दूसरे चरण में एक हजार और व्यायामशालाओं पर कार्य जल्द ही शुरू किया जायेगा।मुख्यमंत्री आज पंचकूला में आयोजित योग एवं आयुष सहायक प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हर जिले में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए जो हर माह की 21 तारीख को गांव के योग सहायकों से रिपोर्ट लेकर मुख्यालय को भेजेंगे। इसके अलावा दूसरे चरण में सभी जिलों मंे विशेष योग कोच लगाए जाएंगे जो योग सहायकों को समय समय पर प्रशिक्षण देने का भी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यायामशालाओं में बायोमीट्रिक मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी जिसमें योग साधकों की भी हाजिरी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर साल योग सहायकों की ग्रेडिंग का कार्य किया जाएगा जिसमें हर जिले में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले योग सहायकों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएगें। मुख्यमंत्री ने राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने और इनकी जिम्मेदारी योग सहायकों को सौंपने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि योग सहायकों का नजदीक स्थानांतरण करने पर विचार किया किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में व्यायामशालाएं हैं उनमें गांव में आबादी अनुसार वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे जिनमें योग को बढ़ावा देने और लोगों को आहार व्यवहार आदि दिनचर्या के बारे में अवगत करवाया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा के लिए साइक्लोथॉन कार्यक्रम चलाया गया जिसमें एक लाख 60 हजार युवाओं ने साइकिल चलाकर लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया। इससे लोगों में जागृति आई हैं उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों का आह्वान किया है कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर एक स्वच्छ स्वस्थ और समृद्ध भारत का निर्माण करने में अपना भरपूर योगदान दें। उन्होंने कहा कि योग करेगा इंडिया तभी तो निरोग रहेगा इंडिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में उत्सव का माहौल है। मानवता के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा है। आज ही देश को जय जवान.जय किसान का प्रेरणादायी नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की 120वीं जयंती भी है। उन्होंने इस पावन अवसर की सबको हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पावन दिन पर योग को बढावा देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश में योग को लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने के उद्देश्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को पूरे संसार में पहचान मिली है। उनके प्रयासों से विश्व भर में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र की महासभा में अपने पहले भाषण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की जोरदार पैरवी की थी। उन्होंने कहा था.योग हमारी प्राचीन परम्परा का अमूल्य उपहार है। योग मन और शरीरए विचार और कार्य तथा अवरोध और सिद्धि को साकार रूप प्रदान करता है। योग व्यक्ति और प्रकृति के बीच सामंजस्य बनाता है। यह केवल व्यायाम नहींए बल्कि यह प्रकृति और मनुष्य के बीच की कड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को घर.घर पहुंचाने की जिम्मेदारी योग सहायकों की है। लेकिन यह घर.घर तभी पहुंचेगा जब हम लोगों को इसके लाभ समझाने में सफल होंगे। इसका सबसे महत्वपूर्ण लाभ यह है कि जीरो कीमत पर स्वास्थ्य अच्छा रखने का अगर कोई सरल तरीका है तो केवल मात्र योग ही है। योग जीवन जीने विचारों और कार्यों में संतुलन बनाने का एक अनूठा तरीका है। यह सभी प्राचीन परंपराओं की तरह जीवंत और गतिशील है। योग मन व बुद्धि को शरीर से जोड़ता है। योग सहायकों के सफल प्रयासों से आमजन योग में मास्टर और अभ्यासु अवश्य बन सकते हैं।
Next Story