भारत

योग से हम बीमारियों से दूर रहेंगे : PM मोदी

Nilmani Pal
21 Jun 2026 7:42 AM IST
योग से हम बीमारियों से दूर रहेंगे : PM मोदी
x

पश्चिम बंगाल। राजधानी कोलकाता में रेड रोड पर योग दिवस पर ग्रैंड कार्यक्रम हो रहा है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे. उन्होंने कोलकाता से जनता को संबोधित भी किया. विदेशों में 210 से ज़्यादा भारतीय मिशन दुनिया भर में लगभग 2,500 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जबकि देश भर में 100 मशहूर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों पर खास कार्यक्रम हो रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में रविवार को कहा कि योग लोगों को उम्र बढ़ने के साथ भी युवा और स्वस्थ रहने में मदद करता है. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि योग का अभ्यास लगातार शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देता है. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "योग उम्र बढ़ने के साथ भी युवा और स्वस्थ रहने में मदद करता है. योग इंसानी जिंदगी को लगातार विकास की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकता है." प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोगों को उम्र बढ़ने के साथ ज्यादा लचीला, ऊर्जावान और मजबूत बनने का लक्ष्य रखना चाहिए. हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि हम 20 साल की उम्र की तुलना में 40 साल की उम्र में ज्यादा लचीले हों, 30 साल की तुलना में 50 साल की उम्र में ज्यादा ऊर्जावान हों और 40 साल की तुलना में 70 साल की उम्र में बीमारियों से लड़ने में ज्यादा सक्षम हों."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा देश और दुनिया एकजुट दिखी. उन्होंने योग को एक ऐसी शक्ति बताया जो लोगों को जोड़ती है और मानवता को एक साथ लाती है. उन्होंने दुनिया भर में इस आयोजन में शामिल होने वाले लोगों को बधाई दी. कोलकाता में बोलते हुए, पीएम मोदी ने योग दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल के लोगों द्वारा चलाए गए सफाई अभियान की भी तारीफ की. उन्होंने इसे एक 'शानदार पहल' बताया और अभियान में लोगों की भागीदारी की सराहना की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाना खास बात है, क्योंकि यह राज्य अपनी समृद्ध आध्यात्मिक और योग विरासत के लिए जाना जाता है. कोलकाता में जनता को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "बंगाल रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद जैसे संतों की धरती है, जिन्होंने योग का संदेश दुनिया तक पहुंचाने में मदद की. लाहिड़ी महाशय के योगदान को भी याद किया और कहा कि उसी पवित्र भूमि पर सामूहिक रूप से योग करने से एक अनोखा आध्यात्मिक अनुभव मिला.

नरेंद्र मोदी ने कहा, "महर्षि अरविंद भी कहते थे कि हमारा पूरा जीवन योग है, चाहे हमें इसका बोध हो या न हो. योग जब स्वभाव में आता है, तो वो मानवीय एकता का आधार बन जाता है. योग केवल शारीरिक श्रम का साधन नहीं है, योग केवल एक आयु वर्ग के लिए सीमित भी नहीं है. योग मानव के जीवन का, चेतना के साथ, ऊर्जा के साथ एक प्रकाश भी है." उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की धरती पर जन्मे गुरुदेव रवींद्र नाथ ठाकुर का मानना था कि मनुष्य की पहचान अलग-अलग रहने में नहीं, बल्कि अपने आस-पास की दुनिया से जुड़ने में है. पीएम मोदी ने कहा, "विश्व के अलग-अलग हिस्सों से एक से एक अद्भुत तस्वीरें आ रही हैं. भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक, पूर्वोत्तर और पूरब में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक पूरा देश योग की ऊर्जा से चैतन्य से भरा हुआ नजर आ रहा है. पूरा विश्व और पूरा देश एक-दूसरे से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है, और यही तो योग की ताकत है। योग सबको जोड़ता है."

Next Story