भारत

दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, BRICS में मोदी पुतिन और जिनपिंग आमने-सामने

SHIDDHANT
10 Sept 2026 9:46 PM IST
दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, BRICS में मोदी पुतिन और जिनपिंग आमने-सामने
x
पुतिन-जिनपिंग की मौजूदगी से पावरफुल होगा BRICS भारत के हाथ में कमान
Delhi दिल्ली। भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। वैश्विक तनाव और बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच होने वाले इस सम्मेलन पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेजबान की भूमिका में होंगे, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत सदस्य देशों के नेता इसमें हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच 11 सितंबर को द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी सम्मेलन में शामिल होने की बात कही गई है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी दिल्ली पहुंचेंगे। इस बार BRICS सम्मेलन का महत्व पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण और बढ़ गया है। ईरान के साथ संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब की भागीदारी के कारण पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा महत्वपूर्ण हो सकती है। भारत लगातार वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति पर जोर देता रहा है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सम्मेलन के दौरान भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी के कारण भारत-चीन संबंधों पर भी निगाहें रहेंगी। भारत अपनी BRICS अध्यक्षता के दौरान ग्लोबल साउथ की चिंताओं, विकास, सहयोग और जन-केंद्रित दृष्टिकोण को प्रमुखता देने की बात कर चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने अध्यक्षता संभालते समय BRICS को 'मानवता सर्वोपरि' की भावना के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया था।
भारत इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में भी BRICS सम्मेलन की मेजबानी कर चुका है। 2021 का सम्मेलन कोविड महामारी के कारण वर्चुअल प्रारूप में आयोजित हुआ था। अब वैश्विक तनाव के बीच एक बार फिर भारत इस बड़े कूटनीतिक मंच की अध्यक्षता कर रहा है। दिल्ली में सम्मेलन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। हजारों सुरक्षाकर्मियों के साथ NSG कमांडो, एंटी-ड्रोन सिस्टम और विशेष सुरक्षा टीमें तैनात किए जाने की तैयारी है। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है।
Next Story