
x
Lakhisarai. लखीसराय। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार आज 16 नवम्बर 2025 को राष्ट्रीय प्रेस दिवस कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार अजय कुमार की संयुक्त देखरेख में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर विभागीय निर्देशानुसार निर्धारित विषय “Safeguard Press Credibility Amidst Rising Misinformation” पर एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने- अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, मिथिलेश मिश्र ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसने समय-समय पर जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि तकनीकी के विस्तार के साथ गलत और भ्रामक सूचना फैलाने के तरीके भी विकसित हुए हैं। आज फेक वीडियो, एडिटेड ऑडियो और छेड़छाड़ किए गए फोटो तेजी से वायरल हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि किसी भी कंटेंट को प्रसारित करने से पूर्व उसकी गंभीरता से जांच की जाए। संबंधित व्यक्ति की बाइट, तथ्य और प्रमाण को शामिल कर ही समाचार प्रकाशित किए जाएँ, ताकि प्रेस की विश्वसनीयता बनी रहे और भ्रम फैलने से रोका जा सके।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों के बढ़ते प्रसार को रोकने हेतु जिला स्तर पर एक विशेष समिति का गठन आवश्यक है, जो गलत समाचारों की निगरानी कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर सके। उन्होंने कहा कि भ्रामक समाचार प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है। संगोष्ठी में कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भी प्रेस की विश्वसनीयता बनाए रखने पर अपने विचार रखे। वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रेस दिवस पर चयनित विषय अत्यंत प्रासंगिक है। आज सोशल मीडिया पर कुछ यू-ट्यूबर एवं कंटेंट क्रिएटर बिना तथ्यों की जांच किए व्यूज और लोकप्रियता की लालसा में भ्रामक खबरें साझा कर रहे हैं, जिसका दुष्परिणाम सीधे समाज पर पड़ता है। पत्रकारिता समाज का दर्पण है, इसलिए पत्रकारों का दायित्व है कि वे तथ्यों की गहराई में जाकर ही समाचार प्रस्तुत करें, जिससे समाचार तथ्यपरक और सकारात्मक प्रभाव वाला हो।
अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने कहा कि समाचारों की विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिना पुष्टि किए प्रसारित समाचार समाज में भ्रम फैलाते हैं और प्रशासन को अनावश्यक रूप से खंडन जारी करना पड़ता है। अतः मीडिया का दायित्व है कि वह जिम्मेदारीपूर्वक तथ्यों की जांच कर ही सूचना प्रसारित करे। इस मौके पर तमाम मीडिया कर्मियों ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के कर्मियों से कानून के दायरे में रहकर खबरों की वास्तविकता परख कर प्रकाशित एवं प्रसारित किए जाने का आह्वान किया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर समाहर्ता लखीसराय का शॉल एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, समाहर्ता एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा सभी मीडिया कर्मियों को शॉल एवं गुलाब पुष्प देकर सम्मानित किया गया।
Next Story





