भारत
पैरा एशियन गेम्स में लांग जंप के बाद हाई जंप में भी जीता गोल्ड
Shantanu Roy
21 Oct 2026 9:53 PM IST

x
Gagret. गगरेट। हिमाचल के स्टार पैरा एथलीट निषाद कुमार ने जापान में पैरा एशियन गेम्स में स्वर्णिम छलांग से पूरे देश को मुरीद बना लिया है। निषाद ने दो दिन में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय खेल जगत में नया इतिहास रच दिया। लॉन्ग जंप में सोना जीतने के बाद मंगलवार को उन्होंने हाई जंप टी-47 वर्ग में भी बादशाहत साबित करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। निषाद ने 2.04 मीटर की ऊंचाई पार कर न केवल गोल्ड मेडल अपने नाम किया, बल्कि नया पैरा एशियन रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ निषाद कुमार पैरा एशियन गेम्स में दो अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले हिमाचल के पहले पैरा एथलीट बन गए हैं।
निषाद कुमार ने पहले 1.98 मीटर का लक्ष्य तय किया और पहले ही प्रयास में उसे पार कर लिया। इसके बाद 2.02 मीटर की ऊंचाई को भी पहली कोशिश में पार कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। अपने कोच सत्यनारायण की सलाह पर निषाद ने अगला लक्ष्य 2.04 मीटर निर्धारित किया। निषाद ने अपने शानदार कौशल, तकनीक और आत्मविश्वास के दम पर पहले ही प्रयास में यह ऊंचाई भी पार कर ली। इसके साथ ही उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम करने के साथ नया पैरा एशियन रिकॉर्ड भी बना दिया। जहां अन्य खिलाड़ी 1.94 मीटर से आगे नहीं बढ़ सके, वहीं निषाद ने 2.04 मीटर की ऊंचाई छूकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
निषाद कुमार का जीवन संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। बचपन में हाथ कट गया था। इस हादसे ने परिवार को झकझोर दिया, लेकिन निषाद ने अपनी शारीरिक अक्षमता को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने स्कूल के दिनों से ही खेलों में प्रतिभा दिखानी शुरू कर दी थी। सामान्य वर्ग के खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने ऊंची कूद में राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। बेहतर प्रशिक्षण की तलाश में वर्ष 2017 में निषाद महज 2,500 रुपए लेकर पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोट्र्स कांप्लेक्स पहुंचे। वहां कोच नसीम अहमद ने उनकी प्रतिभा को पहचाना।
Next Story





