सिंगर के खिलाफ महिला आयोग ने लिया संज्ञान, स्टेज में ही गाली-गलौज करने का आरोप

देहरादून। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में डीएवी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान उन्होंने स्टेज से आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। आरोप है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद मासूम शर्मा ने मंच से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। चार पार्षदों ने नेहरू कालोनी थाने में सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ शिकायत दी है। डालनवाला थाने में भी शिकायत दी है। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेता सुधांशु नोडियाल श्रीनगर कोतवाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि सिंगर ने अभद्र भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया गया, जो देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ है। अब इस मामले में हरियाणा महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। महिला आयोग ने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को नोटिस जारी करते हुए 18 अप्रैल को आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने इस मामले को महिलाओं के अधिकारों और सार्वजनिक आचरण से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में जांच के दायरे में लिया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 की धारा 10(1)(एफ) और 10(1)(एच) के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए आयोग ने मासूम शर्मा को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। राज्य महिला आयोग की चेयपर्सन रेणु भाटिया की ओर से मासूम शर्मा को भेजे गए समन में कहा गया है कि इस प्रकार के आरोप यदि सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक सार्वजनिक व्यक्ति के आचरण पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की गरिमा, सम्मान और मर्यादा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं। मासूम शर्मा को भेजे गए नोटिस के अनुसार उन्हें 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे पंचकूला स्थित आयोग के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में आयोग कानून के तहत उचित कार्रवाई कर सकता है। आयोग ने इस मामले को अत्यंत जरूरी बताते हुए त्वरित कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
विवाद बढ़ता देख गायक मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी इस मामले पर सफाई देते हुए माफी मांगी ली है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा था, जिसकी वजह से वह मानसिक तनाव में थे और उसी का असर मंच पर दिख गया। मासूम शर्मा ने बताया कि वह देहरादून में कार्यक्रम के लिए एक होटल में ठहरे हुए थे और पिछली रात से एक संदिग्ध युवक होटल के आसपास चक्कर काट रहा था। उनकी टीम ने भी इस बारे में उन्हें जानकारी दी थी, हालांकि शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य गतिविधि समझा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वो इसके लिए खेद जताते हैं। वहीं, मासूम के भाई विकास ब्राह्मणवास ने बताया कि एक गैंगस्टर मासूम को तंग कर रहा है। वह कुछ बदमाशों के साथ हथियार लेकर देहरादून पहुंचा था। मासूम एक होटल में रुके थे और बदमाश भी वहां जाना चाहते थे लेकिन उन्हें वहां एंट्री नहीं मिली।





