भारत

महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में से 15 का नेतृत्व करेंगी महिलाएं

jantaserishta.com
22 Jan 2026 5:03 PM IST
महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में से 15 का नेतृत्व करेंगी महिलाएं
x
मुंबई: महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में से 15 में अब महिला मेयर नेतृत्व करेंगी। राज्य की शहरी विकास मंत्री माधुरी मिसाल की मौजूदगी में गुरुवार को मेयर पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी का आधिकारिक ऐलान किया गया।
इस लॉटरी के तहत देश के सबसे बड़े नगर निगम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में ओपन कैटेगरी से महिला पार्षद मेयर बनेंगी। हालांकि, राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन सत्ता तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं है। कई नगर निगमों में भाजपा को अपने सहयोगी दलों या स्थानीय निर्दलीय गुटों का सहारा लेना पड़ रहा है।
वहीं, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर भी स्थानीय स्तर पर खींचतान देखने को मिल रही है। राज्य नेतृत्व ने कई जगहों पर स्थानीय इकाइयों को यह छूट दी है कि जहां आपसी सहमति न बने, वहां वे गठबंधन साझेदारों के खिलाफ भी चुनाव लड़ सकते हैं।
इसी राजनीतिक हलचल के बीच शहरी विकास विभाग ने मेयर पदों के आरक्षण की घोषणा की। आरक्षण के तहत 29 में से एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी), तीन अनुसूचित जाति (एससी), आठ अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), और 17 सीटें सामान्य (ओपन) वर्ग के लिए तय की गई हैं।
नगर निगमवार मेयर पदों की श्रेणियों की बात करें तो मुंबई (बीएमसी) में ओपन कैटेगरी महिला, ठाणे में एससी, कल्याण-डोंबिवली में एसटी पुरुष, नवी मुंबई में ओपन कैटेगरी-महिला, वसई-विरार में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, भिवंडी-निजामपुर में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, मीरा-भायंदर में ओपन कैटेगरी-महिला, उल्हासनगर में ओबीसी-महिला/पुरुष, पुणे में ओपन कैटेगरी-महिला, पिंपरी-चिंचवड़ में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, नागपुर में ओपन कैटेगरी-महिला, अहिल्यानगर (अहमदनगर) में ओबीसी-महिला, नासिक ओपन कैटेगरी-महिला, छत्रपति संभाजीनगर में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, अकोला में ओबीसी-महिला, अमरावती में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, लातूर में एससी-महिला, नांदेड़-वाघाला में ओपन कैटेगरी-महिला, चंद्रपुर में ओबीसी-महिला, धुले में ओपन कैटेगरी महिला, जलगांव में ओबीसी-महिला, मालेगांव में ओपन कैटेगरी-महिला, कोल्हापुर में ओबीसी-महिला/पुरुष, सांगली-मिरज-कुपवाड़ में जेनरल, सोलापुर में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष, इचलकरंजी में ओबीसी-महिला/पुरुष, जालना में एससी-महिला, पनवेल में ओबीसी-महिला/पुरुष और परभणी में ओपन कैटेगरी-महिला/पुरुष की सीट आवंटित की गई हैं।
बीएमसी और पुणे नगर निगम में ओपन (महिला) आरक्षण होने से प्रमुख महिला पार्षदों के बीच कड़ी टक्कर तय मानी जा रही है। मुंबई में जहां भाजपा ने शिवसेना (यूबीटी) के लंबे वर्चस्व को तोड़ा है, वहीं पार्टी के सामने देश के सबसे अमीर नगर निगम की कमान संभालने के लिए मजबूत महिला चेहरा चुनने की चुनौती है।
वहीं, कल्याण-डोंबिवली में एसटी आरक्षण ने बड़े गठबंधनों के सामने नई मुश्किल खड़ी कर दी है, क्योंकि इस श्रेणी में फिलहाल कुछ ही प्रमुख चेहरे मौजूद हैं। ऐसे में नए नेतृत्व के उभरने या रणनीतिक समर्थन की संभावनाएं भी बन रही हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story