
x
Jammu जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के बिश्नाह ब्लॉक में स्थापित UMEED Bishnah Women Producer Company Limited महिला सशक्तिकरण और सामूहिक कृषि की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है। UMEED–JKRLM (जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन) के तहत गठित यह महिला किसान उत्पादक संगठन (FPO) आज ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और कृषि व्यवसाय को नई दिशा देने का सफल मॉडल बन चुका है। इस कंपनी से 513 महिला किसान शेयरधारक जुड़ी हुई हैं। महिलाओं ने मिलकर 6.69 लाख रुपये की शेयर पूंजी जुटाई है। इसके अलावा संस्था को 1.83 लाख रुपये की मैचिंग इक्विटी ग्रांट और 9.41 लाख रुपये का प्रबंधन सहायता अनुदान भी प्राप्त हुआ है।
सामूहिक खरीद, कृषि उत्पादों के संग्रहण और संगठित विपणन के जरिए कंपनी ने 21.09 लाख रुपये का वार्षिक कारोबार हासिल किया है। इससे जुड़ी महिलाओं को अपनी उपज के बेहतर दाम मिलने लगे हैं और बाजार तक उनकी पहुंच भी मजबूत हुई है। इस पहल के माध्यम से महिला किसानों को आधुनिक खेती, फसल प्रबंधन, कटाई के बाद की तकनीकों (पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट) और कृषि आधारित उद्यम विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह मॉडल सामूहिक खेती और महिला नेतृत्व वाले कृषि उद्यमों की सफलता का उदाहरण है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ी है और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहलें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार और स्थायी विकास को भी बढ़ावा देंगी।
Next Story





