भारत
Bastar: बस्तर में मंच पर पीएम मोदी को महिलाओं ने भेंट में दिया मोटा अनाज
jantaserishta.com
8 April 2024 5:30 PM IST

x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर के आमाबाल में भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने मंच पर पीएम मोदी का मोटे अनाज से स्वागत किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जिस मंच से पीएम जनसभा को संबोधित करने वाले हैं, वहां मंच पर पहुंचकर महिलाएं उन्हें मोटा अनाज भेंट कर उनका स्वागत कर रही हैं। वहीं, मंच से पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में ही भाजपा के दिवंगत नेता बलिराम कश्यप को याद किया।
उन्होंने कहा कि बलिराम कश्यप की जन्मस्थली और कर्मस्थली आने पर पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। शायद यहां कोई क्षेत्र ऐसा नहीं होगा। जहां मैंने और बलिराम कश्यप ने एक साथ दौरा नहीं किया हो। हम एक साथ प्रवास करते थे। संगठन के कार्य के लिए निकलते थे। स्वभाविक है कि बलिराम कश्यप ने जो तपस्या और पुरुषार्थ किया है, उसी का परिणाम है, हम सबने आप सबका इतना विश्वास प्राप्त किया है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश और आदिवासी कल्याण के लिए बलिराम कश्यप हर पल जागरूक रहते थे। जितना हो सके आदिवासियों के हितों के लिए काम करने का प्रयास करते थे। बस्तर ने मुझे और भाजपा के हर कार्यकर्ता को अपना आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी है और आज भी यहां दूर-दूर से इतनी विशाल संख्या में आप लोग आशीर्वाद देने आए हैं।
बता दें कि पीएम मोदी बलिराम कश्यप को अपना गुरु मानते हैं। उनका जन्म 11 मार्च 1936 में बस्तर संभाग के भानपुर में हुआ था। वह पेशे से शिक्षक थे। बलिराम कश्यप जनसंघ की विचारधारा से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर सियासत की ओर अपना रुख किया। साल 1972 में वह पहली बार विधायक बने थे।
साल 1998, 1999, 2004 और 2009 तक वह लोकसभा सांसद रहे। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, ''2014 से पहले लाखों करोड़ रुपये के घोटाले होते थे। कांग्रेस की सरकार में दिल्ली से एक रुपया निकलता था और सिर्फ 15 पैसे गांव में पहुंचते थे। बीच के 85 पैसे कांग्रेस खुद लूट लेती थी। मैंने कांग्रेस की लूट की इस व्यवस्था को बंद कर दिया है। भाजपा सरकार ने अपने 10 साल में 34 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजे हैं। आजादी के बाद से कांग्रेस समझती थी कि उसे देश को लूटने का लाइसेंस मिला हुआ है। 2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसेंस हीं कैंसिल कर दिया है।''
Tagsप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीनरेंद्र मोदीपीएम मोदीबस्तरPrime Minister Narendra ModiNarendra ModiPM ModiBastar
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





