भारत
जिस गंगा को हम मां कहते हैं, उसका किनारे का कचरा विदेश से आई महिलाएं साफ कर रहीं, वायरल वीडियो
jantaserishta.com
23 Nov 2026 9:19 AM IST

x
VIDEO हुआ वायरल.
नई दिल्ली: ऋषिकेश की गंगा के किनारे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में कुछ विदेशी महिलाएं नदी किनारे फैला प्लास्टिक और कचरा उठाती नजर आ रही हैं. हाथों में ग्लव्स और काले कचरे के बैग लिए ये महिलाएं घाट के आसपास सफाई करती दिखाई देती हैं. कोई प्लास्टिक की पन्नी उठा रही है तो कोई चट्टानों और रेत के बीच पड़ा कचरा बैग में डाल रही है.
वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर प्रसन्न कुमार ने शेयर किया है. इसमें ऋषिकेश के गंगा घाट का नजारा दिखाई देता है. आसपास दूसरे पर्यटक और छोटी-छोटी दुकानें भी नजर आ रही हैं. लेकिन कैमरे का फोकस उन विदेशी महिलाओं पर है, जो बिना किसी दिखावे के घाट की सफाई में जुटी हुई हैं.
वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स भी इस नजारे को देखकर हैरान नजर आता है. वह बताता है कि ऋषिकेश में गंगा घाट पर पहुंचने के दौरान उसने इन विदेशी पर्यटकों को सफाई करते देखा.
वह कहता है कि यहां लोग प्लास्टिक की पन्नियां और दूसरी चीजें फेंक देते हैं, लेकिन कुछ विदेशी महिलाएं उसी कचरे को उठाकर साफ कर रही हैं. इसके बाद वह एक बड़ा सवाल उठाता है कि दूसरे देशों से आने वाले पर्यटकों को हमारी विरासत और प्राकृतिक जगहों को बचाने की कोशिश क्यों करनी पड़ रही है.
वीडियो में दिखाई देने वाला यह छोटा सा दृश्य सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छेड़ देता है. कई लोगों ने विदेशी महिलाओं की पहल की तारीफ की. यूजर्स का कहना है कि अगर पर्यटक किसी जगह को साफ रखने की जिम्मेदारी समझ सकते हैं, तो स्थानीय लोगों और दूसरे यात्रियों को भी ऐसा करना चाहिए.
वहीं, कुछ लोगों ने इस वीडियो के बहाने देश के लोकप्रिय पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर बढ़ते कचरे की समस्या पर सवाल उठाया. ऋषिकेश और हरिद्वार में बड़ी संख्या में लोग गंगा किनारे पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान और घूमने के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में घाटों पर प्लास्टिक, पैकेजिंग, कपड़े और दूसरे तरह का कचरा जमा होना सफाई के लिए लगातार चुनौती बना रहता है.
गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है. इसके बावजूद नदी और उसके किनारों पर कचरा फेंकने की तस्वीरें अक्सर सामने आती रहती हैं. कई जगह स्थानीय समूह और स्वयंसेवक नियमित रूप से सफाई अभियान चलाते हैं.
ऋषिकेश का यह वीडियो इसी समस्या की तरफ फिर से ध्यान खींचता है. विदेशी पर्यटकों का कचरा उठाना निश्चित तौर पर सराहनीय है, लेकिन इससे जुड़ा सवाल और बड़ा है- जिस जगह को हम अपनी आस्था और विरासत का हिस्सा मानते हैं, उसे साफ रखने की जिम्मेदारी आखिर किसी और को क्यों उठानी पड़े?
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





