भारत

महिला डीएसपी से छेड़खानी, सिपाहियों पर आरोप, केस दर्ज

Rani Sahu
10 Feb 2022 11:26 AM GMT
महिला डीएसपी से छेड़खानी, सिपाहियों पर आरोप, केस दर्ज
x
झारखंड के रांची में पदस्थापित एक महिला डीएसपी के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है

झारखंड के रांची में पदस्थापित एक महिला डीएसपी के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप झारखंड पुलिस के आरक्षियों पर ही लगाया गया है। डीएसपी ने दो नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है। केस दर्ज होने के बाद पुलिस मेंस एसोसिएशन ने महिला डीएसपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे विवाद काफी गहरा गया है।

छेड़खानी के इस मामले में पुलिस मेंस एसोसिएशन भी कूद पड़ा है। एसोसिएशन का कहना है कि डीएसपी के साथ अगर छेड़खानी हुई है तो वे इसका साक्ष्य प्रस्तुत करें। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा है कि वरीय अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच करें। निर्दोष के साथ कोई कार्रवाई नहीं की जाए।
वहीं, इस मामले के आरोपी एसोसिएशन के संयुक्त महामंत्री आरक्षी विनोद पांडेय ने कहा है कि डीएसपी छेड़खानी की बात साबित कर देंगी तो वे अपनी नौकरी से इस्ताफा दे देंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डीएसपी के साथ किसी तरह की छेड़खानी नहीं की गई है। विनोद ने यह भी दावा किया है कि डीएसपी सिर्फ पांच गवाह प्रस्तुत कर दें कि उनके साथ छेड़खानी हुई है। अगर ऐसा हुआ तो वे अपनी जान दे देंगे। उन्होंने कहा कि जब वे लोग विसर्जन करने तालाब में पहुंचे, तब सिटी डीएसपी, लोअर बाजार पुलिस के साथ महिला डीएसपी पहुंची। सिटी डीएसपी दीपक कुमार ने उनसे घटना की जानकारी ली। इस दौरान महिला डीएसपी ने उनसे नाम पूछने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। एसोसिएशन ने महिला डीएसपी के खिलाफ एसएसपी को ज्ञापन भी सौंपा है।
थाने को सूचना दिए बिना खुद पहुंच गई डीएसपी
महिला डीएसपी ने अश्लील भोजपुरी गाना तेज साउंड में बजाने की शिकायत सोमवार की रात में नहीं की। यहां तक कि पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी इसकी जानकारी नहीं दी। वह खुद ही साउंड को बंद कराने के लिए विसर्जन शोभायात्रा में पहुंच गई। घटना होने के बाद सिटी डीएसपी और लोअर बाजार पुलिस को डीएसपी ने जानकारी दी।
डीएसपी ने दर्ज करायी दो आरक्षियों के खिलाफ प्राथमिकी
महिला डीएसपी ने सोमवार की देर रात लोअर बाजार थाने में आरक्षी विनोद पांडेय और सीपी उपाध्याय समेत 15 अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी, भीड़ को उकसाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। डीएसपी का आरोप है कि पुरानी आवासीय कॉलोनी में अभद्रगानों का प्रसारण लाउडस्पीकर से करते हुए मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम किया जा रहा था। इससे शांति भंग हो रही थी। गाना बंद करने के लिए आयोजकों से कहा। इसी क्रम में नशे में धुत एक लड़का ट्रक से उतरा और गलत नीयत ने उन्हें छूने लगा। उन्हें खींचते हुए छींटाकशी करने लगा। बचाव में उन्होंने उस लड़के को एक थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आयोजकों ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की करते हुए बदतमीजी करने लगे। आरक्षी विनोद पांडेय और सीपी उपाध्याय ने भीड़ को उकसाया। उनके निजी कुक अशोक ने उन्हें भीड़ से निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइन टैंक रोड स्थित पुरानी पुलिस लाइन आवासीय कॉलोनी में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। बीते सोमवार की रात साढ़े नौ बजे विसर्जन की तैयारी चल रही थी। आयोजक तेज साउंड में भोजपुरी गीत बजाकर नाच रहे थे। इसमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। महिला डीएसपी भी उसी आवासीय कॉलोनी में रहती हैं। तेज साउंड में बज रहे गीत को बंद कराने के लिए डीएसपी मंदिर के पास पहुंच गईं और गीत को बंद करने को कहा। लेकिन आयोजकों ने बंद करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद धीरज कुमार सिंह नामक एक लड़के को डीएसपी ने थप्पड़ जड़ दिया। तब जुलूस में शामिल महिलाएं भड़क गईं और डीएसपी को घेर लिया। इसके बाद विवाद शुरू हुआ।
डीएसपी लिखित देंगी तभी होगा समझौता :एसोसिएशन
महिला डीएसपी से छेड़खानी के मामले में बुधवार की रात पुलिस मेंस एसोसिएशन के साथ सिटी डीएसपी दीपक कुमार ने बैठक की। इस दौरान एसोसिएशन ने कहा कि हम लोग विवाद नहीं चाहते हैं। लिखित रूप से अगर डीएसपी केस वापस लेती हैं तब ही समझौता होगा। इस बात की जानकारी एसोसिएशन से संयुक्त महामंत्री विनोद पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सहायक महामंत्री रहमान, वैभव पाठक, सीपी उपाध्याय समेत अन्य लोग शामिल थे।
थाने में दर्ज करायी शिकायत पर नहीं हुई प्राथमिकी
आरोपी विनोद पांडेय ने डीएसपी के खिलाफ लोअर बाजार थाने में मंगलवार को शिकायत दर्ज करायी है। हालांकि इस पर अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। आरक्षी का आरोप है कि अगर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो वे न्यायालय की शरण में जाएंगे। लोअर बाजार थानेदार संजय कुमार ने कहा कि आरक्षी द्वारा दिए गए आवेदन पर जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।
Next Story