भारत

फांसी के फंदे पर लटका मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
22 Jan 2023 12:58 PM GMT
फांसी के फंदे पर लटका मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
x
जमुई। जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के रामसागर गांव में शनिवार की देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका पाया गया। घटना के बाद महिला के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलने पर रामसागर गांव पहुंचे मृतक महिला के पिता राजेंद्र शर्मा ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक लखीसराय जिले के धर्मपुर गांव निवासी राजेंद्र मिस्त्री की पुत्री संगीता कुमारी की शादी चार वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाजों के साथ रामसागर गांव निवासी नंदेश्वर मिस्त्री के पुत्र रंजन शर्मा से हुई थी। शादी के बाद दो साल पूर्व महिला को एक बच्ची भी हुई। महिला का पति मुंबई में रहकर मजदूरी करता है और पिछले कई माह से वह मुंबई में ही है।
वहीं महिला अपने सास ससुर के साथ रामसागर गांव स्थित अपने ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है इसी दौरान पारिवारिक विवाद को लेकर महिला ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना के बाद मृतक महिला के ससुराल वाले घर से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही मृतक महिला के मायके के परिवार वाले रामसागर गांव पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक महिला के पिता राजेंद्र मिस्त्री ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है। सिकंदरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के द्वारा दिए गए आवेदन की आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story