भारत

पीजी में पंखे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

SHIDDHANT
26 Sept 2026 11:56 PM IST
पीजी में पंखे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप
x
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक पीजी में 22 वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। घटना इस्लामपुर गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलालपुर गांव निवासी तनीषा के रूप में हुई है। युवती के परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर चेतन शर्मा पर हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, तनीषा पिछले कुछ समय से चेतन शर्मा के साथ सेक्टर-38 स्थित एक पीजी में रह रही थी। चेतन भी एटा जिले का रहने वाला बताया गया है। दोनों के बीच कई वर्षों से दोस्ती थी और बाद में दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।
पूछताछ में चेतन ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। इसी दौरान तनीषा ने उसे फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल नहीं उठा सका। बाद में चेतन ने वापस फोन किया तो तनीषा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर चेतन ने अपने पड़ोसी अनुज से तनीषा के बारे में पता करने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, अनुज ने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो तनीषा पंखे से लटकी दिखाई दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर तनीषा के परिजन भी गुरुग्राम पहुंचे। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चेतन शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि चेतन ने तनीषा की हत्या की और बाद में शव को पंखे से लटका दिया। पुलिस फिलहाल आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच में घटना से पहले तनीषा और चेतन के बीच हुई बातचीत और मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पीजी में घटना के समय कौन-कौन मौजूद था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तनीषा की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Next Story