भारत

पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने गई महिला की संदिग्ध मौत, लापता थी 60 दिनों से

Nilmani Pal
5 May 2026 2:29 PM IST
पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने गई महिला की संदिग्ध मौत, लापता थी 60 दिनों से
x
पढ़े पूरी खबर

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलकोको गांव से सटे जंगल में मंगलवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह निवासी शकुंतला देवी (पति सुनील ठाकुर) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब मलकोको गांव के ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उन्होंने एक महिला का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर कोडरमा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि महिला पिछले दो महीने से अपने घर से लापता थी। धुमाडीह के ग्रामीणों के अनुसार, शकुंतला देवी का अपने पति के साथ अक्सर विवाद होता था। विवाद इतना बढ़ गया था कि महिला ने पूर्व में महिला थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि महिला कोडरमा थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी एक युवक से प्रेम करती थी और पति को छोड़कर उसी के साथ रहना चाहती थी। कुछ समय पहले वह अपने प्रेमी के घर भी गई थी, लेकिन वहां के परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था।

कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि मृतका के शरीर पर बाहरी चोट या जख्म के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। मृतका की दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अपने पिता के साथ रहता है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।

Next Story