भारत

महिला गई जेल, इन वारदातों को अंजाम दिया

jantaserishta.com
1 Oct 2022 2:48 AM GMT
महिला गई जेल, इन वारदातों को अंजाम दिया
x
न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान | DEMO PIC 
महिला की मदद करने वाली खुद उसकी बेटी और बहू है।
नई दिल्ली: कल्याणपुरी इलाके में रहने वाली 55 वर्षीय महिला इस उम्र में भी चोरी-झपटमारी की वारदातों को अंजाम देती है। इसमें महिला की मदद करने वाली खुद उसकी बेटी और बहू है। हाल ही में अंबेडकर नगर में आयोजित शोभा यात्रा से उन्होंने दो महिलाओं के गले से सोने की चेन तोड़ ली। लेकिन कलश यात्रा की वीडियो रिकार्डिंग में उनका चेहरा कैद हो गया। इसकी मदद से पुलिस ने महिला को बहू सहित गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 6 सितंबर को अंबेडकर नगर इलाके में कलश शोभा यात्रा निकाली गई थी। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेकर नाचते-गाते जा रही थीं। कुछ देर बाद दो महिलाओं ने देखा कि उनके गले से सोने की चेन एवं मंगलसूत्र गायब हैं। उनकी शिकायत पर अंबेडकर नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले की जांच के दौरान स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर अतुल त्यागी की देखरेख में एसआई योगेश और एएसआई संजय ने कलश यात्रा की रिकार्डिंग देखी। आसपास की सीसीटीवी फुटेज से महिलाओं की पहचान की गई। बाद में उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार महिला रेखा कल्याण पुरी की रहने वाली है। उसके परिवार में पति के अलावा तीन बेटे, तीन बहू और दो बेटियां हैं। उसके खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पहला मामला उसके खिलाफ 2002 में निजामुद्दीन रेलवे थाने में झपटमारी का मामला दर्ज हुआ था। इसमें वह गिरफ्तार हुई थी। इसके बाद वह कई बार झपटमारी और चोरी के मामलों में गिरफ्तार हुई थी।
Next Story