
x
वारदात के बाद आरोपी की तलाश तेज
Gorakhpur गोरखपुर: थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी मयूर चौरसिया ने युवती का गला रेत दिया और बचाव के दौरान उसके हाथ में भी गंभीर चोट पहुंचाई। घायल युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता की बहन ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह युवती ड्यूटी पर गई थी और घर पर अकेली थी। शाम करीब 4 बजे मयूर चौरसिया उनके कमरे में आया और शादी के लिए दबाव डालने लगा। जब युवती ने साफ इनकार किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया और चाकू निकालकर हमला कर दिया। उसने युवती का मोबाइल भी लेकर फरार हो गया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
परिजन घायल को पहले निजी अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे जबलपुर अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर स्थिति के कारण बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया। गोरखपुर थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मयूर चौरसिया के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक एमडी नागोतिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





