भारत

काला जादू के संदेह में महिला की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
9 May 2025 4:25 PM IST
काला जादू के संदेह में महिला की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
x
गर्दन कटी हुई थी और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान थे.
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिला अंतर्गत मुरहू थाना क्षेत्र में काला जादू के संदेह में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को इन सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पतराडीह गांव में रहने वाली 40 वर्षीया बुधनी पूरती का शव 7 मई की सुबह उसके घर से बरामद किया गया था। उनकी गर्दन कटी हुई थी और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
मुरहू थाने की पुलिस ने 36 घंटे के अंदर वारदात का खुलासा किया है। एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी इसी गांव का रहने वाला एतवा उर्फ लोर सिंह है। उसे संदेह था कि उसकी पड़ोसन बुधनी पूरती डायन है और उसकी बेटी पर काला जादू कर रही है। उसकी आठ-नौ महीने की बच्ची बार-बार बीमार पड़ती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी अंधविश्वास में उसने अपने तीन साथियों को अलग-अलग गांवों से बुलाकर बुधनी की हत्या की साजिश रची और छह मई की रात को, जब बुधनी सो रही थी, उस पर धारदार हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लोर सिंह के अलावा बुरूमा गांव का एरनियुस ओडेया उर्फ ततउ, केवड़ा गांव का गनसा हस्सा पूरती उर्फ रोगा और अड़की थाना क्षेत्र के लोंगा गांव का प्रवीण मुंडू उर्फ टकलू शामिल हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सब-इंस्पेक्टर विमल और कंचन कुमार कुशवाहा को शामिल किया गया था। टीम ने तकनीकी सहायता और गांव के लोगों से बातचीत के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और एक अन्य हथियार भी बरामद कर लिया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story