भारत

भारत में महिला की हत्या, विदेश में बैठा है कातिल

jantaserishta.com
18 Sept 2025 2:30 PM IST
भारत में महिला की हत्या, विदेश में बैठा है कातिल
x
फैली सनसनी.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने सबको हिला दिया है. अमेरिका से आई 69 वर्षीय एनआरआई महिला रुपिंदर कौर पंधेर की हत्या कर दी गई. रुपिंदर का कंकाल हो चुका शव लुधियाना के पास घुंगराना गांव के एक नाले से बरामद किया गया था. यहां आने के बाद रुपिंदर रहस्यमय तरीके से गुमशुदा हो गई थीं. इस कत्ल की कहानी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है.
पुलिस को घटनास्थल से महिला का क्षतिग्रस्त आईफोन भी मिला, जिसे आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए वहां फेंक दिया था. जांच में खुलासा हुआ कि रुपिंदर की हत्या उनके ही मंगेतर ने करवाई, जो इंग्लैंड में रहता है. लुधियाना के डीसीपी ने बताया कि इस हत्या की साजिश रुपिंदर कौर के 67 साल के मंगेतर चरनजीत सिंह ग्रेवाल ने रची थी.
चरनजीत यूके में रहता है. उसने शादी से मुकरते हुए रुपिंदर को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. इसके लिए उसने अपने परिचित सुखजीत सिंह को सुपारी दी. सुखजीत सिंह किला रायपुर में कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट का काम करता है. पूछताछ में सुखजीत ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने रुपिंदर की हत्या की.
पुलिस का कहना है कि 12 जुलाई को सुखजीत ने अपने घर में रुपिंदर की बेरहमी से हत्या की. उसने बेसबॉल बैट से हमला कर उनकी जान ले ली. हत्या के बाद शव को कोयले पर जलाया और फिर चार बोरों में भरकर घुंगराना गांव के नाले में फेंक दिया.
सुखजीत और चरनजीत की मुलाकात साल 2014 में राजनीतिक पार्टी के प्रचार अभियान के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच करीबी बढ़ी. इसी दौरान चरनजीत ने प्रॉपर्टी विवाद के मामलों में सुखजीत से मदद मांगी. रुपिंदर अक्सर लुधियाना आने पर सुखजीत के घर में रहती थीं. उन्होंने अपनी पावर ऑफ अटॉर्नी भी सुखजीत को सौंप दी थी. धीरे-धीरे रुपिंदर के आर्थिक लेन-देन भी इन्हीं दोनों के साथ जुड़ने लगे.
पुलिस की जांच में सामने आया कि रुपिंदर ने चरनजीत और सुखजीत को 30 से 35 लाख रुपये तक ट्रांसफर किए थे. बाद में जब चरनजीत ने शादी से इनकार कर दिया, तो उसने सुखजीत को 50 लाख रुपये का लालच देकर रुपिंदर की हत्या करवाने की साजिश रची. हालांकि, पुलिस के मुताबिक अब तक यह रकम सुखजीत को नहीं दी गई है.
हत्या की कहानी पर पर्दा डालने के लिए सुखजीत ने अगस्त में खुद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. उसने दावा किया कि रुपिंदर दिल्ली एयरपोर्ट से कनाडा में एक शादी समारोह में शामिल होने गई हैं. इस फर्जी शिकायत का मकसद हत्या को पर्दे में रखना था.
डीसीपी रुपिंदर सिंह ने कहा कि इस मामले में फोरेंसिक टीम को सबूत जुटाने के लिए लगाया गया है. रुपिंदर कौर पंधेर के बैंक खातों से हुए लेन-देन की भी गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में चरनजीत सिंह ग्रेवाल को मुख्य आरोपी बनाया है. वह वर्तमान में यूके में है. पुलिस अब इंटरपोल और विदेश मंत्रालय की मदद से आरोपी चरनजीत को भारत लाने की तैयारी कर रही है. वहीं, स्थानीय स्तर पर हत्या की साजिश और प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null