भारत

बाप रे! महिला ने आटे में मिलाया सल्फास, पूरे ससुराल वालों को मारने की कोशिश, सदमे में आए

jantaserishta.com
22 July 2025 9:17 AM IST
बाप रे! महिला ने आटे में मिलाया सल्फास, पूरे ससुराल वालों को मारने की कोशिश, सदमे में आए
x
जानें पूरा मामला.
कौशांबी: यूपी के कौशांबी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की परिभाषा को झकझोर दिया. अपनी जेठानी से रोज होने वाली किचकिच से परेशान देवरानी ने पूरे ससुराल को एक साथ खत्म करने की साजिश रच डाली. घटना करारी थाना क्षेत्र के मलकिया बजहा खुर्रम गांव की है, जहां एक बहू ने आटे में सल्फास मिलाकर अपने पति, जेठानी और अन्य परिजनों को जहर देने का षड्यंत्र रचा.
पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब घर की जेठानी मंजू देवी ने रोटियां बनाते समय आटे से आ रही अजीब सी दुर्गंध महसूस की. उन्हें शक हुआ कि आटे में कुछ मिलाया गया है. जब उन्होंने यह बात घर के बाकी लोगों को बताई और आटे को ध्यान से देखा गया, तो मामला गंभीर होता गया. परिवार ने जब बहू मालती देवी से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाली बात कबूल कर ली. उसने खुद स्वीकार किया कि उसने सल्फास आटे में मिलाया था, ताकि एक साथ पूरे परिवार को खत्म किया जा सके.
बताया जा रहा है कि मालती देवी की अपने ससुराल वालों से खासकर अपनी जेठानी से अक्सर अनबन रहती थी. आए दिन होने वाले झगड़ों और कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर मालती ने अपने पिता कल्लू प्रसाद और भाई बजरंगी के साथ मिलकर यह साजिश रची. उन्होंने योजना बनाई कि खाने में जहर मिलाकर पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया जाए. मालती के पति बृजेश कुमार ने तुरंत ही करारी थाने में इस पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस हरकत में आई और महिला समेत उसके पिता और भाई को हिरासत में ले लिया गया. फिलहाल तीनों से पूछताछ चल रही है.
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि पीड़ित बृजेश कुमार की शिकायत पर हत्या की योजना बनाने, आपराधिक साजिश में शामिल होने आदि धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने जहरीला आटा जब्त कर लिया है और इसे परीक्षण के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है.
प्रारंभिक पूछताछ में मालती ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता के कहने पर यह कदम उठाया, क्योंकि वह ससुराल में हो रहे व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान थी. हालांकि, इस बात की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी कि साजिश किस हद तक सोची-समझी थी और इसमें किन-किन लोगों की और संलिप्तता है.
गांव में इस घटना को लेकर भय और हैरानी का माहौल है. लोग विश्वास नहीं कर पा रहे कि घरेलू कलह इस हद तक ले जा सकती है कि एक बहू अपने पूरे ससुराल को खत्म करने का मन बना ले. गांव की बुज़ुर्ग महिलाओं से लेकर युवाओं तक, हर कोई इस बात पर चर्चा कर रहा है कि आखिर ऐसी सोच किसी महिला में आई कैसे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है. आरोपी महिला, उसका पिता और भाई पुलिस हिरासत में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story