भारत

गजब ढंग: महिला ने पति का पुतला बनाया फिर फूंक डाला, देखें VIDEO

jantaserishta.com
13 Oct 2024 2:40 PM IST
गजब ढंग: महिला ने पति का पुतला बनाया फिर फूंक डाला, देखें VIDEO
x
सोशल मीडिया में जमकर वायरल.
हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर में दशहरे पर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक बहू ने अपनी सास-ससुर, ननद, पति और पति के साथ लिव-इन-रिलेशन में रहने वाली उसकी गर्लफ्रेंड के पुतले बनाए और उन्‍हें फूंक दिया। बहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का वनवास 14 साल में खत्‍म हो गया था लेकिन वह अब भी वनवास में है। महिला ने खुद को शादी के बाद से ही ससुरालियों के उत्‍पीड़न और पति की बेवफाई का शिकार बताया।
एक पत्‍नी और बहू का यह अनोखा विरोध चर्चा का विषय बन गया है। धू-धूकर आतिशबाजी के साथ जलते पुतले सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहे हैं। हम वायरल हो रहे इस घटना से जुड़े कथित वीडियोज की पुष्टि नहीं करते है। पीड़िता ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला हमीरपुर के मुस्करा कस्बे का है। मूल रूप से उरई की रहने वाली प्रियंका दीक्षित की शादी 14 साल पहले मुस्करा कस्बे में हुई थी। प्रियंका के अनुसार दुल्‍हन बनकर अपनी ससुराल आने के बाद उसे अपने पति के विवाहेत्‍तर संबंधों के बारे में पता चला। प्रियंका का आरोप है कि उनके पति का उसकी बहन की सहेली से रिश्‍ता है। शादी के कुछ ही दिन बाद ही इन रिश्तों का खुलासा हो गया था।
प्रियंका के मुताबिक यहीं से उसकी शादीशुदा जिंदगी नरक में बदल गई। बकौल प्रियंका उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। सास-ससुर और यहां तक कि ननद भी जानती थी कि उसके पति के रिश्ते एक अन्य महिला से हैं। बजाए पति को समझाने के उन लोगों ने उसी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसका ससुराल में रहना मुश्किल हो गया। उसे मायके की शरण लेनी पड़ी। ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा लिखाया। सालों साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए। पति तलाक का मुकदमा हार गए, लेकिन कोर्ट के आदेशों का आजतक पालन नहीं हुआ है।
प्रियंका कहती हैं कि चौदह साल में भगवान श्रीराम का वनवास खत्म हो गया, लेकिन उसका वनवास अभी खत्म नहीं हुआ है। ससुरालियों ने उसे संपत्ति से भी बेदखल कर रखा है। रावण एक पराई स्त्री को उठा लाया था, जिसके चलते आज भी उसके पुतले जलते हैं। लेकिन समाज में उसके पति जैसे रावण आराम से रह रहे हैं। पीड़ित प्रियंका ने शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story