भारत

महिला की मौत, कुत्तों के झुंड ने किया हमला

Nilmani Pal
23 Jan 2022 1:56 PM GMT
महिला की मौत, कुत्तों के झुंड ने किया हमला
x
इलाके में दहशत का माहौल

यूपी। अमरोहा के सैदनगली क्षेत्र में रविवार को आवारा कुत्तों ने महिला को नोच-नोच कर मार डाला। महिला खेत पर भूसा लेने गई थी। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। बिना कानूनी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र के आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव बिजनौरा निवासी चमन सिंह जाटव की पत्नी नथिया रविवार दोपहर बाद करीब दो बजे खेत पर बोंगे से भूसा लेने गई थी। इसी दौरान कहीं से 10-12 आवारा कुत्तों का झुंड आ गया। झुंड ने नथिया पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह नोच-नोच कर घायल कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर नजदीक खेत पर काम कर रहा वृद्ध किसान मौके पर पहुंचा और कुत्तों को भगाया। तब तक 30 वर्षीया नथिया की मौत हो चुकी थी। खबर लगते ही तमाम ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचें। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि नथिया चमन सिंह जाटव की पहली पत्नी थी। उस पर कोई बच्चा नहीं था। चमन सिंह जाटव की दूसरी पत्नी अपने दो बच्चों को छोड़कर चली गई थी, जिनका पालन-पोषण नथिया ही कर रही थी। नथिया की मौत पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आवारा कुत्तों को लेकर गांव में दहशत फैली हुई है। ग्राम प्रधान हेमराज सिंह गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक है। उन्होंने अफसरों से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

आवारा कुत्तों के हमले में महिला की मौत हुई है। खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव कब्जे में लिया जा रहा था कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना के बारे में आला अफसरों को सूचना दी गई है। - सत्येंद्र कुमार, थानाध्यक्ष सैदनगली

Next Story