भारत

बच्चों के सामने पत्नी को तीन तलाक देने का आरोप, 16 साल बाद टूटा रिश्ता, पति पर FIR दर्ज

SHIDDHANT
8 Oct 2026 9:35 PM IST
बच्चों के सामने पत्नी को तीन तलाक देने का आरोप, 16 साल बाद टूटा रिश्ता, पति पर FIR दर्ज
x
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में तीन तलाक का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर शादी के 16 साल बाद तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति का दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध है। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और दोनों बच्चों के सामने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता आफरीन ने गुरुवार को बताया कि उसकी शादी को 16 साल हो चुके हैं और उसके दो बेटे हैं। महिला के मुताबिक, उसके पति का उसी इलाके में रहने वाली दूसरी महिला के साथ संबंध है। उसने कई बार पति को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आफरीन ने आरोप लगाया कि 7 जुलाई को उसने अपने पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। मामला बढ़ने पर रिश्तेदारों को भी बुलाया गया। महिला का दावा है कि इस दौरान उसके पति ने दूसरी महिला से निकाह करने की बात कही थी।
पीड़िता ने पति पर मारपीट और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी नहीं निभाने का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि बच्चों और परिवार की खातिर वह लंबे समय तक उत्पीड़न सहती रही। महिला के अनुसार, 12 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे पति ने दोनों बेटों के सामने उसे तीन तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने चमनगंज थाने में शिकायत की।
पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत में उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। अक्टूबर में पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। कानपुर के डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ चमनगंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की कोशिश की जा रही थी। तीन तलाक का मामला सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोपी पति की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Next Story