भारत

महिला बैंक मैनेजर की मौत, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका

Nil dhankar
11 Sept 2021 5:52 PM IST
महिला बैंक मैनेजर की मौत, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
x
ब्रेकिंग

झारखंड की एक महिला बैंक मैनेजर की बहादुरगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि आरोपित पति द्वारा महिला के फांसी लगाए जाने की बात कही जा रही है। असल वजह क्या है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो पाएगी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ओमेक्स सिटी का है।

दरअसल, शुक्रवार की देर शाम को एक महिला को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। मृतका की पहचान करीब 37 वर्षीय शिल्पी सोनम पत्नी राकेश के रूप में हुई। वह रांची के अपर बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की सीनियर मैनेजर थी। पति राकेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शिल्पी ने फांसी लगाई है। मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस ने महिला के मायके पक्ष को संपर्क किया तो शनिवार को परिजन बहादुरगढ़ पहुंच गए। उन्होंने कई तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस को दी शिकायत में रांची के निवासी दीपक ने कहा है कि रांची के निवासी राकेश के साथ उसकी बहन की शादी 6 जून 2014 को हुई थी। विवाह के समय शिल्पी सोनम सीतामढ़ी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में कार्यरत थी। उस वक्त राकेश हरियाणा ग्रामीण बैंक की सोनीपत स्थित शाखा में था। दोनों साथ रह सकें, इसलिए शिल्पी ने अपना तबादला गन्नौर करवा लिया था। कुछ दिन बाद उसे पता चला कि राकेश नशे का आदि है। इंजेक्शन के जरिए ड्रग्स लेता है। जब विरोध करने लगी तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी। अपनी बुरी आदतों को पूरा करने के लिए वह शिल्पी से रुपए लेने लगा। राकेश का दूसरी महिलाओं के साथ भी संपर्क था।

राकेश के अनुसार घर बसाने के कारण शिल्पी सब सहती रही। राकेश को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। मजबूरन शिल्पी रांची लौट आई। अब चार सितंबर तीज के दिन वह दोनों बच्चों संग राकेश के पास बहादुरगढ़ आई। यहां पति के कमरे में उसको कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं मिली। इसके बारे में उसने पूछताछ की तो राकेश ने उसको बेरहमी से पीटा। फोन भी छीन लिया। हमने काफी बार उसका फोन मिलाया तो संपर्क नहीं हुआ। काफी कहने के पर राकेश ने कुछ क्षणों के लिए बात कराई। तब शिल्पी बहुत सहमी हुई थी। फिर हमने पूछा वापस क्यों नहीं लौट रही तो उसने कहा 10 सितंबर को आऊंगी। रांची लौटने से पहले ही उसकी निर्ममता से हत्या कर दी गई।

उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सेक्टर-6 थाना प्रभारी नर सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों ने अपने अपने बयान दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की असल वजह सामने आ पाएगी। मामले में गंभीरता से जांच की जाएगी।

Next Story