
मेरठ। लिसाड़ी गेट की समर गार्डन कॉलोनी निवासी महिला को लिफ्ट देने के बहाने डंफर चालक और उसके साथियों ने बंधक बनाकर गैंगरेप किया। आरोपियों ने मेरठ सिटी स्टेशन के पास महिला को छोड़ दिया और फरार हो गए। इस बात की जानकारी महिला ने परिजनों को दी, जिसके बाद पीड़िता के पति ने भाजपा पार्षद से मदद मांगी। इस मामले में समर गार्डन चौकी प्रभारी को फोन पर भाजपा पार्षद ने सूचना दी, लेकिन दरोगा ने पार्षद से अभद्रता कर दी। थाने पर जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
समर गार्डन कॉलोनी निवासी महिला का पति से मंगलवार शाम विवाद हो गया था। बुधवार रात करीब दो बजे महिला घर छोड़कर चली गई। पीड़िता ने समर गार्डन में 100 फुटा पर डंफर से मिट्टी डाल रहे तीन लोगों से मदद मांगी और सिटी रेलवे स्टेशन तक के लिए लिफ्ट मांग ली। आरोपियों ने महिला को स्टेशन छोड़ने के बहाने से बंधक बना लिया और एक मकान में तीनों ने ही महिला से गैंगरेप किया। इसके बाद बुधवार रात आरोपियों ने महिला को स्टेशन के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। महिला ने गुरुवार को अपने पति को सारी घटना बताई।
पीड़िता के पति ने भाजपा पार्षद अरुण मचल से मदद मांगी, जिसके बाद पार्षद ने समर गार्डन चौकी प्रभारी किशन कुमार को सूचना दी और कार्रवाई के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान दरोगा ने भाजपा पार्षद से अभद्रता कर दी। इस बात को लेकर दर्जनों भाजपाइयों ने लिसाड़ी गेट थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि गैंगरेप की शिकायत करने पर दरोगा ने अभद्रता की। मामला बढ़ता देखकर पुलिस ने तुरंत ही मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, महिला की निशानदेही पर दबिश देकर दो आरोपियों साजिद और शहजाद को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य संदिग्ध को पूछताछ के लिए उठाया गया है। दूसरी ओर, दरोगा किशन कुमार को बुलाया गया, जिसके बाद माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। फिलहाल इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। वहीं एसपी सिटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी भी पकड़े गए हैं।





