भारत

महिला और पुरुष ने अपने मलद्वार में छुपा रखा था 3 करोड़ का सोना, गिरफ्तार

Nilmani Pal
11 Dec 2021 3:00 PM IST
महिला और पुरुष ने अपने मलद्वार में छुपा रखा था 3 करोड़ का सोना, गिरफ्तार
x
बड़ी कार्रवाई

दिल्ली। कस्टम डिपार्टमेंट से बचने के लिए तस्कर अलग-अलग रास्ते अपनाते हैं। लेकिन हैदराबाद एयरपोर्ट पर पकड़े गए तस्करों ने जो रास्ता अपनाया, वह हैरान करने की सभी सीमाएं पार कर गया। असल में इन तस्करों ने मलद्वार में सोना छुपा रखा था। इन तस्करों की संख्या चार है। इनके पास से बरामद सोने का वजन 7.3 किलोग्राम है, वहीं इसकी अनुमानित कीमत 3.6 करोड़ रुपए है।

जानकारी के मुताबिक चार सूडानी नागरिक दुबई-हैदराबाद एयर इंडिया फ्लाइट से यहां पहुंचे। इनमें दो पुरुष और दो महिला थीं। अधिकारियों ने बताया कि शक होने पर कस्टम डिपार्टमेंट ने इन सभी की तलाशी ली। तलाशी में जब इनके इस तरह से तस्करी की बात सामने आई तो अधिकारी भी चौंक गए। अधिकारियों ने बताया कि इन्होंने अपने मलद्वार में सोना छुपा रखा था। फिलहाल बरामद किया गया सोना कस्टम विभाग की रखवाली में है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वैसे यह पहला मामला नहीं है जब तस्करों ने इस तरह का अनूठा रास्ता अपनाया है। इसी साल जुलाई में चेन्नई एयरपोर्ट पर एक तस्कर पकड़ा गया था। उसने करीब 810 ग्राम सोना अपने मलाशय में छुपा रखा था। इस सोने को उसने पेस्ट के रूप में चार बंडलों में पैक करके छुपाया था। दुबई से आने वाले इस यात्री के पास से बरामद सोने की कीमत 40 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई थी। कुछ महीने पहले ही दुबई-हैदराबाद के रास्ते से आने वाली फ्लाइट से ही आने वाला एक अन्य तस्कर गिरफ्तार किया गया था। इस तस्कर ने एक रीचार्जेबल लालटेन में छह किलो सोना चिपका रखा था। यह मामला इसी साल अक्टूबर का है। अक्टूबर में ही एयरपोर्ट अधिकारियों ने एक महिला सूडानी यात्रा को सोने की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया था। इस यात्री ने अपने अंडरवियर और हैंड बैग में 1200 ग्राम सोना पेस्ट की तरह से छुपा रखा था।


Next Story