भारत
क्रीसेंट स्कूल बनूरी में विंटर कार्निवल की धूम, बच्चों ने बिखेरे रंग
Shantanu Roy
26 Oct 2026 7:55 PM IST

x
पालमपुर। क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बनूरी पालमपुर रविवार के दिन विंटर कार्निवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि नेत्रा मेती आईएएस कमिशनर नगर निगम पालमपुर द्वारा किया गया। प्रधानाचार्य मनोज भारद्वाज तथा स्टाफ के अन्य सदस्यों द्वारा मुख्यातिथि का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आगाज द्वीप प्रज्वलित करके किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने अलग अलग प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न रंगों के परिधान पहन कर भारतीय संस्कृति को उजागर किया। इसमें बच्चों ने गणेश वंदना, नशा मुक्ति, भांगड़ा व गिद्दा आदि के माध्यम से विविधता में एकता का संदेश दिया। मेहमानों के मनोरंजन के लिए खेल और खाने के स्टॉल का प्रबंध किया गया था। इस कार्यक्रम में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान स्कूल की प्रतिभाओं को नवाजा गया। मुख्य अतिथि ने अपने भाषण में बच्चों कार्निवल की शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई के साथ स्कूल में आयोजित होने वाली गतिविधियों में भाग लेते रहने व अपनी प्रतिभा को निखारते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर इलाके के गणमान्य लोगों के साथ बच्चों के अभिभावक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
Next Story





