भारत
'लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है,' डुसू चुनाव नतीजों पर बोले कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला
jantaserishta.com
20 Sept 2026 12:03 PM IST

x
अमृतसर: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) चुनाव के परिणामों और उसमें कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रदर्शन को लेकर अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला की प्रतिक्रिया सामने आई है। न्यूज एजेंसी से बातचीत करते हुए उन्होंने चुनाव नतीजों को सहजता से स्वीकार किया और कहा कि लोकतंत्र में चुनावी हार और जीत एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
न्यूज एजेंसी द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई को मिले झटके को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सांसद औजला ने कहा कि छात्र और मतदाता अपनी समझ से निर्णय लेते हैं। लोकतंत्र में जनता या मतदाताओं का जो भी फैसला या जनादेश होता है, उसे पूरी विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी परिणाम चाहे पक्ष में हों या विपक्ष में, एक राजनीतिक व लोकतांत्रिक संगठन के रूप में जनता के फैसले का हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए और संगठन आगे भी छात्रों के मुद्दों को लेकर काम करता रहेगा।
इसी बातचीत के दौरान सांसद औजला ने पंजाब के मौजूदा हालात और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने राज्य में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों पर हो रहे हमलों व ग्रेनेड घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर नेतृत्व और प्रशासनिक विफलता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राज्य में हालिया एनकाउंटर की घटनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से निभानी चाहिए और कानून का उल्लंघन करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही, विश्व शांति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित शांति यात्रा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आज के दौर में शांति और सद्भाव बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। चाहे वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव की बात हो या समाज के भीतर की, हर व्यक्ति को अपने भीतर शांति लानी होगी और समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





