भारत

गांव के कुंवारों को मिलेगी दुल्हन? सरपंच दावेदार ने किया बड़ा वादा

jantaserishta.com
10 Oct 2026 3:30 PM IST
गांव के कुंवारों को मिलेगी दुल्हन? सरपंच दावेदार ने किया बड़ा वादा
x
वीडियो हुआ वायरल.
झुंझुनूं: राजस्थान में पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच झुंझुनूं जिले से एक ऐसा चुनावी वादा सामने आया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है. आमतौर पर सरपंच पद के प्रत्याशी गांव में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने का वादा करते हैं, लेकिन झाझड़ गांव की सरपंच पद की दावेदार अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का वादा कर सबका ध्यान खींच लिया है. उनके इस अनोखे चुनावी अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अनीता सैनी का कहना है कि अगर वह चुनाव जीतती हैं और गांव के किसी कुंवारे युवक को शादी के लिए दुल्हन नहीं मिल रही है, तो वह उसकी शादी करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी. जरूरत पड़ी तो दूसरे गांवों में जाकर भी लड़की तलाशेंगी. उन्होंने यहां तक कहा कि बारात ले जाने के लिए ट्रेन तक लगवाने का प्रयास करेंगी.
उनके इस वादे ने पंचायत चुनाव के प्रचार को एक अलग मुद्दा दे दिया है. जहां दूसरे प्रत्याशी विकास कार्यों को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं, वहीं अनीता सैनी ने युवाओं की शादी की समस्या को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल कर लिया है.
राजस्थान और हरियाणा के कुछ इलाकों में युवाओं की शादी में आ रही मुश्किलों का मुद्दा समय-समय पर सामने आता रहा है. कई मामलों में दूसरे राज्यों से महिलाओं को शादी के लिए लाने की खबरें भी सामने आई हैं. वहीं, कुछ मामलों में महिलाओं की खरीद-फरोख्त और शोषण जैसे गंभीर मामले भी उजागर हुए हैं. ऐसे में कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का वादा चर्चा का विषय बन गया है.
अनीता सैनी के इस अनोखे वादे को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. लोग इसे पंचायत चुनाव प्रचार का अलग अंदाज बता रहे हैं. हालांकि, चुनाव जीतने के बाद वह इस वादे को पूरा करने के लिए क्या कदम उठाएंगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. फिलहाल, झुंझुनूं के झाझड़ गांव से सामने आया यह चुनावी वादा लोगों का ध्यान खींच रहा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story