भारत

संसद, विधानसभा, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को देंगे 50 प्रतिशत आरक्षण: राहुल गांधी

jantaserishta.com
23 May 2024 3:43 PM IST
संसद, विधानसभा, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को देंगे 50 प्रतिशत आरक्षण: राहुल गांधी
x

फाइल फोटो

नई दिल्ली: दिल्ली में गुरुवार को आयोजित 'महिला न्याय संवाद' में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे राज्यसभा, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को जगह देंगे।
उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि यहां 50 प्रतिशत महिलाएं हों। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। जब तक महिलाओं को भागीदारी नहीं मिलेगी तब तक यह देश प्रगति नहीं कर सकता है।
उत्तर पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज को वोट देने की अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों ही काम पर जाते हैं, लेकिन, जब महिला घर लौटती है तो उसकी दूसरी शिफ्ट चालू होती है। वह बच्चों को पालती हैं, बच्चे बीमार हों तो उनकी देखभाल करती हैं। घर में खाना बनाती हैं, सबका ध्यान रखती हैं और इसके लिए महिलाओं को कभी कुछ नहीं दिया जाता। वह एक प्रकार से यह सबकुछ फ्री में करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सच्चाई है कि यदि हिंदुस्तान के पुरुष 8 घंटे काम करते हैं तो महिलाएं 16 घंटे काम करती हैं। महिलाओं और पुरुषों में पैसे खर्च करने का तरीका अलग-अलग है। महिलाएं पैसे बचाती हैं, बच्चों के बारे में सोचती हैं, आगे की प्लानिंग करती हैं। महिलाओं की फाइनेंशियल सोच पुरुषों के मुकाबले बेहतर है। महिलाओं के ये जो 8 घंटे हैं, सरकार उसके लिए महिलाओं को पैसा देगी। हम नहीं चाहते कि आप फ्री में काम करो इसलिए हम 'महालक्ष्मी योजना' लाए हैं। महालक्ष्मी योजना में 8,500 प्रति माह यानी एक लाख रुपए साल के महिलाओं के बैंक अकाउंट में जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली महिलाओं को यह लाभ मिलेगा। इसके पीछे सोच यह है कि महिलाएं परिवार को फाइनेंशियली मजबूत बना सकती हैं। दूसरी बात यह है कि आप फ्री में काम करती हो, हमारी सोच यह है कि आप फ्री में काम न करो। तीसरी बात यह है कि यदि महिलाओं को पैसा दिया गया तो वे दूर दृष्टि के साथ सोचेंगी। हम जानते हैं कि महिलाओं की आवाज दबाई जाती है। घर में दबाई जाती है, समाज में दबाई जाती है, सड़कों पर आपको डराया जाता है।
राहुल गांधी ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने संसद में धूमधाम से महिला आरक्षण विधेयक पास किया। इसके बाद उन्होंने कह दिया कि इसे 10 साल बाद लागू करेंगे। सर्वे होगा, उसके बाद लागू करेंगे। ये लोग सर्वे ही नहीं करेंगे। 20, 25, 50 साल भी सर्वे नहीं होने वाला। उनका सबसे बड़ा संगठन आरएसएस है और आरएसएस में वे महिलाओं को लेते ही नहीं हैं। हम ऐसा नहीं करेंगे, हम आपको तुरंत महिला रिजर्वेशन देंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story