भारत

खालिस्तानी आतंकी पन्नू पर अमेरिका कसेगा शिकंजा? ट्रंप की इंटेल‍िजेंस चीफ से राजनाथ सिंह की हुई मुलाकात

jantaserishta.com
17 March 2025 5:00 PM IST
खालिस्तानी आतंकी पन्नू पर अमेरिका कसेगा शिकंजा? ट्रंप की इंटेल‍िजेंस चीफ से राजनाथ सिंह की हुई मुलाकात
x
खाल‍िस्‍तान‍ियों पर कसेगी नकेल.
नई दिल्ली: रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी खुफिया विभाग की प्रमुख तुलसी गबार्ड (Tulsi Gabbard) दिल्ली पहुंची हैं. उन्होंने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है. राजनाथ सिंह ने तुलसी गबार्ड के साथ बैठक के दौरान अमेरिका में प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) की भारत विरोधी गतिविधियों का मुद्दा उठाया और उन्होंने आतंकी संगठन पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है.
न्यूज एजेंसी ANI को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तुलसी गबार्ड के साथ बैठक के दौरान रक्षा मंत्री ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की अध्यक्षता वाले SFJ पर भारत की चिंता व्यक्त की और अमेरिका से इस संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी अभियोजकों ने पिछले साल नवंबर में एक अन्य कथित भारतीय सरकारी अधिकारी के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश में कथित संलिप्तता के लिए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर आरोप लगाया था.
भारत ने पन्नू की हत्या के कथित प्रयास में किसी भी तरह की भूमिका से साफ इनकार किया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू की है. पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता है और वह आतंकवाद के आरोपों में भारत में वॉन्टेड अपराधी है. उसे सख्त आतंकवाद विरोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया गया है.
तुलसी गबार्ड ने टैरिफ के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि इसे पॉजिटिव तरीके से देखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की अर्थव्यवस्था और भारत के लोगों का हित देख रहे हैं. ठीक इसी तरह राष्ट्रपति ट्रंप भी अमेरिका और देश के लोगों के हितों को आगे रख रहे हैं. गबार्ड ने कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप बेहतर समाधान की ओर बढ़ रहे हैं. दोनों देशों के नेताओं के पास बेहतर समझ है और वे बेहतर समाधान खोजने में सक्षम हैं.
गबार्ड रविवार को तड़के तीन दिन की यात्रा पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंची हैं. यह डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के किसी शीर्ष अधिकारी की भारत की पहली उच्चस्तरीय यात्रा है. उन्होंने सोमवार को राजनाथ सिंह से मुलाकात की और समग्र भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों को बढ़ाने, विशेष रूप से रक्षा और सूचना साझाकरण के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक चर्चा की.
एक्स पर एक पोस्ट में राजनाथ सिंह ने कहा कि वह गबार्ड से मिलकर खुश हैं और उन्होंने भारत-अमेरिका साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात कर खुशी हुई. हमने रक्षा और सूचना साझाकरण सहित कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसका उद्देश्य भारत-अमेरिका साझेदारी को और गहरा करना है.
राजनाथ सिंह और तुलसी गबार्ड की यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से मुलाकात की थी और राष्ट्रीय राजधानी में भारत की मेजबानी में आयोजित वैश्विक खुफिया विशेषज्ञों के सम्मेलन में हिस्सा लिया था. एनएसए डोभाल और गबार्ड ने आमने-सामने की बैठक में मुख्य रूप से खुफिया जानकारी साझा करने को मजबूत करने और भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के साथ सुरक्षा क्षेत्र में मिलकर काम करने के तरीकों पर चर्चा की है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story