भारत

पत्नी के अफेयर का हुआ खुलासा, जेल से लौटे पति के साथ मिलकर आशिक को मार डाला

jantaserishta.com
18 May 2026 3:59 PM IST
पत्नी के अफेयर का हुआ खुलासा, जेल से लौटे पति के साथ मिलकर आशिक को मार डाला
x
फैली सनसनी.
नवगछिया: बिहार में नवगछिया पुलिस जिला के आदर्श थाना क्षेत्र स्टेशन रोड नया टोला के पास मिले ट्रक ड्राइवर के लहूलुहान शव मामले में नवगछिया पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका काजल कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंध, पैसों की उगाही और पति के प्रतिशोध ने मिलकर इस हत्याकांड को जन्म दिया. मामले में काजल का पति ब्रजेश कुमार, देवर नीतीश कुमार और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं.
15 मई की सुबह नवगछिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन रोड नया टोला में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के सिर पर गहरे जख्म थे और अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई. नवीन पेशे से ट्रक ड्राइवर था. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की.
मृतक की पत्नी सविता देवी ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि नवीन का नया टोला में किराए पर रहने वाली काजल कुमारी से अवैध संबंध था. आरोप है कि काजल ने प्रेमजाल में फंसाकर नवीन से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे. पत्नी के अनुसार, नवीन घर के गहने बेचकर और कर्ज लेकर करीब 3 से 4 लाख रुपये काजल को दे चुका था.
एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब तकनीकी जांच शुरू की तो हत्या की पूरी साजिश सामने आने लगी. पुलिस को पता चला कि हत्या वाली रात करीब 1 से 1:30 बजे तक काजल लगातार नवीन से फोन पर संपर्क में थी. इसी दौरान वह दूसरे नंबर पर भी लगातार बात कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज में उसी समय एक बाइक पर दो संदिग्ध घूमते दिखे, जिनकी पहचान काजल के पति ब्रजेश कुमार और देवर नीतीश कुमार के रूप में हुई. इलाके में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो भी देखी गई.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार काजल ने स्वीकार किया कि वह नवीन से पैसे ऐंठने के उद्देश्य से संबंध बनाए हुए थी. काजल का पति ब्रजेश कुमार हाल ही में जेल से छूटकर घर लौटा था. पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी मिलते ही वह भड़क उठा. पहले उसने काजल के साथ मारपीट की, फिर अपने भाई और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर नवीन की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत नवीन को फोन कर बुलाया गया और सिर पर हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. हालांकि हत्या किस हथियार से की गई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद होगा. नवगछिया एसपी राजेश कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर महिला आरोपी को खगड़िया से गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story